नोट बदलने की अफरातफरी, पुलिस को है चिंता उसके पास पड़ी अवैध करेंसी का क्या होगा!
पुलिस को इस बात की टेंशन है कि वो उस करेंसी को नहीं बदल सकती जिसका जिक्र एफआईआर में है।
नई दिल्ली। देश भर में करेंसी बदलने की अफरातफरी के बीच पुलिस भी चिंतित है। बताया गया कि चंडीगढ़ के विभिन्न पुलिस स्टेशनों के मालखानों में लाखों रुपए पड़े हुए हैं
जानकारी दी गई कि अभी तक पुलिस को इस संबंध में कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है कि इन नोटों का क्या करना है।
बताया गया कि कोई आदेश न मिलने के बाद भी पुलिस आपराधिक मामलों में जब्त किए गए नोटों का रिकार्ड सही करना शुरू कर दिया है। साथ ही सभी 500 और 1,000 की नोटों के कैश मेमो बनाए जा रहे हैं।

प्रस्तुत की जाएगी रिपोर्ट
जानकारी दी गई कि यह प्रक्रिया दो दिन के भीतर पूरी कर ली जाएगी। तैयार की गई रिपोर्ट को संबंधित मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक (शहर) नवदीप सिंह बरार ने कहा 'हमें अभी तक जब्त की गई नकदी के बारे में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।
एतहियात के तौर पर सीआरपीसी के नियमानुसार हम करेंसी नोट का रिकॉर्ड बना रहे हैं।'
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक सूत्रों ने बताया कि यह बहुत ही मुश्किल काम है। यहां सैकड़ों मामले है जिसमें करेंसी जब्त की गई है।
हम 500 और 1,000 रुपए की करेंसी के बारे में चिंतित हैं। हम किसी भी नोट को बदल नहीं सकते। खास तौर से उन्हें बिल्कुल नहीं जिनका जिक्र एफआईआर में है।
ये है मामला
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के नाम संबोधन में यह घोषणा की थी कि 8 नवंबर की आधी रात के बाद से 500 और 1,000 के नोट अवैध हो जाएंगे।
हालांकि प्रधानमंत्री के इस फैसले का खासा विरोध हो रहा है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव, बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने कहा है कि इस फैसले से सिर्फ लोगों की मुसीबत बढ़ रही है।
इतना ही नहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तो यह आरोप भी लगा दिया कि करेंसी बदलवाने के दौरान घोटाला किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications