West Bengal Polls: कुमारगंज में BJP के सुभेंदु को किया लहूलुहान! आसनसोल में अग्निमित्रा की गाड़ी पर हमला
West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान हिंसा की आग और तेज हो गई है। नंदीग्राम के बाद अब कुमारगंज और आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में भारी तनाव देखा जा रहा है। कुमारगंज में भाजपा उम्मीदवार सुभेंदु सरकार ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं पर न केवल हमला करने, बल्कि उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ करने का भी गंभीर आरोप लगाया है।
इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सुरक्षा बल तैनात हैं, लेकिन माहौल अब भी बेहद संवेदनशील बना हुआ है। आइए जानतें हैं कुमारगंज में हमले के बाद सुभेंदु सरकार ने क्या बड़े खुलासे किए हैं?

'मेरी पूरी टीम और मुझ पर हमला किया'
ANI से बातचीत के दौरान सुभेंदु सरकार ने कहा कि, 'कुमारगंज विधानसभा क्षेत्र में 8-10 मतदान केंद्रों पर हमारे पोलिंग एजेंटों को जबरन हटा दिया गया था। मैंने व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप किया और सुनिश्चित किया कि उन्हें वापस अंदर जाने दिया जाए। जब मैं जमीनी स्थिति का निरीक्षण करने के लिए बूथ नंबर 24 पर गया, तो उन्होंने मेरी पूरी टीम और मुझ पर हमला कर दिया। वे स्पष्ट रूप से डराने-धमकाने और डर का माहौल बनाने के इरादे में थे... केंद्रीय बल मतदान केंद्र पर ही मौजूद थे - वे परिसर के अंदर थे। लेकिन जब मैं मौके पर पहुंचा, तो मेरे साथ केवल मेरा अंगरक्षक था; हमारे साथ और कोई नहीं था।'
ममता बनर्जी पर साधा निशाना
सुभेंदु सरकार ने कहा कि, 'ममता बनर्जी चुनाव हार चुकी हैं, और तृणमूल कांग्रेस इस क्षेत्र की सभी चारों सीटें हार रही है। पूरी तरह से हताशा और डर के कारण, उन्होंने हम पर हमला किया।'
आसनसोल दक्षिण में अग्निमित्रा पॉल की गाड़ी पर हमला
पश्चिम बंगाल के आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल की कार पर हमला होने की जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में दौरे के दौरान उनकी गाड़ी को निशाना बनाया गया, जिससे वहां हड़कंप मच गया।
ईंट-पत्थरों से तोड़े गाड़ी के शीशे
इस हमले के दौरान अग्निमित्रा पॉल की गाड़ी पर कथित तौर पर ईंट और पत्थर फेंके गए। पत्थरों की चोट से कार के शीशे टूट गए हैं। घटना के समय मौके पर काफी अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। इस पूरी घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है कि इस हमले के पीछे किन लोगों का हाथ था।
सेक्रेटरी को आई चोट
अग्निमित्रा पॉल ने कहा, 'मेरी गाड़ी पर हमला हुआ। मैं अल्पसंख्यकों के क्षेत्र रहमत नगर में गई थी, तभी मेरी कार पर एक बड़ा पत्थर फेंका गया। इससे कार का पूरा पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार में लगा पीछे का शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। भगवान की कृपा से न तो मेरे सुरक्षाकर्मियों को और न ही मुझे कोई चोट आई। हालांकि, मेरी सेक्रेटरी को मामूली चोट आई है।'
हुमायूं कबीर के समर्थकों और TMC में भी 'हिंसक भिड़ंत'
कुमारगंज की घटना के अलावा, बंगाल के अन्य हिस्सों से भी हिंसा की खबरें सामने आई हैं। बीते कल नौदा इलाके में हुए बमबाजी कांड के बाद आज आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के संस्थापक हुमायूं कबीर और TMC कार्यकर्ताओं के बीच खूनी संघर्ष हो गया।
- पत्थरबाजी और लाठीचार्ज: दोनों पक्षों के समर्थकों ने एक-दूसरे पर जमकर पत्थर बरसाए और लाठियों से हमला किया। इस दौरान सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
- धरने पर बैठे कबीर: हुमायूं कबीर ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन टीएमसी के साथ मिला हुआ है। उन्होंने एक पुलिस अधिकारी पर अपने समर्थकों को बेवजह पीटने का आरोप लगाते हुए उन्हें हटाने की मांग की और धरने पर बैठ गए।
ग्राउंड रिपोर्ट: दहशत के साए में मतदान
चुनाव आयोग के दावों के बावजूद, जमीनी स्तर पर मतदाताओं के बीच डर का माहौल साफ देखा जा सकता है। सुभेंदु सरकार का आरोप है कि केंद्रीय बलों की मौजूदगी केवल मतदान केंद्रों के अंदर सीमित है, जबकि बाहर टीएमसी के कार्यकर्ता खुलेआम तांडव मचा रहे हैं। हालांकि, सुरक्षा बलों ने फिलहाल स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है, लेकिन हिंसक झड़पों ने पहले चरण की वोटिंग पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।














Click it and Unblock the Notifications