ममता बनर्जी पर हमला: मुख्य सचिव ने भेजी EC को रिपोर्ट, जानिए क्या रिपोर्ट में क्या लिखा
ममता बनर्जी पर हमला: पश्चिम बंगाल सरकार ने EC को भेजी रिपोर्ट, '4-5 हमलावरों का नहीं, कार का खुला दरवाजा और भीड़ का जिक्र'
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने आरोप लगाया था कि 10 मार्च को चुनाव प्रचार के दौरान नंदीग्राम में उनपर चार से पांच लोगों ने हमला किया था, जिसके बाद उनको चोट लग गई थी। अब इस पूरे मामले पर पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य चुनाव आयोग को रिपोर्ट भेजी है। इस रिपोर्ट में कहीं भी चार से पांच लोगों के हमला के का जिक्र नहीं किया गया है। रिपोर्ट में कार का खुला दरवाजा और भीड़ का जिक्र किया गया है। पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव अलपन बंद्योपाध्याय ने शुक्रवार शाम को ममता बनर्जी पर हुए कथित मामले में अपनी रिपोर्ट चुनाव आयोग को सौंप दी है। चुनाव आयोग के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए रिपोर्ट पर चर्चा करने की तैयारी में हैं। पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव ने चुनाव आयोग को अपनी रिपोर्ट में कहा है कि नंदीग्राम में सीएम ममता बनर्जी की पैर में चोट कार के खुले दरवाजे के कारण लगी है। फिलहाल ममता बनर्जी को दो दिनों के उपचार के बाद कोलकाता के एसकेकेएम अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
Recommended Video

'ममता बनर्जी के पैर में चोट कार के दरवाजे से लगी'
पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव द्वारा चुनाव आयोग को भेजी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि सीएम ममता बनर्जी के पैर में चोट कार के दरवाजे की वजह से लगी थी। हालांकि रिपोर्ट में यह स्पष्ट रूप से उल्लेख नहीं किया गया है कि कैसे कार का दरवाजा बंद हुआ और ममता बनर्जी का बायां पैर उसमें फंस गया। हालांकि रिपोर्ट में कार के पास लोहे के एक खंभे के होने का जिक्र है, लेकिन साफ तौर पर ये भी नहीं बताया गया है कि उसी खंभे से टकराकर या फिर रगड़ खाने के बाद कार का दरवाजा बंद हुआ।
'चार-पांच हमलावरों का रिपोर्ट में जिक्र नहीं'
पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव द्वारा चुनाव आयोग को भेजी गई रिपोर्ट में ऐसे किसी भी चार-पांच हमलवारों पर का जिक्र नहीं है, जिन्होंने ममता बनर्जी या उनकी कार के खुले दरवाजे का साजिश के तहत धक्का दिया हो। जैसा ही सीएम ममता बनर्जी ने आरोप लगाया था। ममता बनर्जी का आरोप था कि उनको चार से पांच लोगों ने अचानक चुनाव प्रचार के दौरान आकर धक्का दिया, जिससे उनके पैर में चोटें आईं।
रिपोर्ट में भीड़ का जिक्र किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि जहां पर ये घटना हुई, वहां के आसपास का कोई ऐसा वीडियो या सीसीटीवी फुटेज नहीं मिला है, जिससे इस घटना के बारे में स्पष्ट जानकारी प्राप्त की जा सके। रिपोर्ट में कहा गया है कि इलाके में एक दुकान में सीसीटीवी लगा था लेकिन वह काम नहीं कर रहा था।
ममता बनर्जी 10 मार्च को हादसे वाले दिन नंदीग्राम सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल करने गई थी। हादसा 10 मार्च की शाम लगभग 6 बजे का है। नंदीग्राम सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद ममता बनर्जी चुनाव प्रचार कर रही थीं। इसी दौरान शाम 6 बजे के आसपास सीएम ममता पूर्वी मेदिनीपुर जिले में बिरूलिया बाजार में पहुंची थी, जहां वो चोटिल हुईं।












Click it and Unblock the Notifications