'मैं हारी नहीं, इस्तीफा नहीं दूंगी', Mamata के बयान पर CM की रेस में शामिल सुवेंदु अधिकारी क्या बोले?
West Bengal Election Results: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे से इनकार ने राज्य की राजनीति में भूचाल ला दिया है। उनके इस बयान के तुरंत बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता शुभेंदु अधिकारी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की, जिससे विधानसभा चुनावों के बाद की राजनीतिक तनातनी बढ़ गई।
अधिकारी, जिन्होंने हाल ही में भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को करारी शिकस्त दी थी, ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बनर्जी के इस्तीफे से इनकार वाले बयान पर टिप्पणी की। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "संविधान में सब लिखा हुआ है, ज्यादा बोलने की जरूरत नहीं है।" उनका यह बयान ममता बनर्जी के रुख पर सीधा पलटवार माना जा रहा है।

ममता बनर्जी बोलीं- मैं किसी भी सूरत में इस्तीफा नहीं दूंगी
दरअसल, ममता बनर्जी ने मंगलवार को कोलकाता में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया कि उनके इस्तीफे का कोई सवाल ही नहीं उठता। जब उनसे राजभवन जाकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने दो टूक कहा कि वह "लोकभवन नहीं जाएंगी" और किसी भी सूरत में इस्तीफा नहीं देंगी।
ममता बनर्जी बोलीं- ये साजिश है, मैं हारी नहीं
बनर्जी ने अपनी हार को जनादेश का परिणाम मानने से साफ इनकार किया। उन्होंने आरोप लगाया, "हम पब्लिक मैंडेट से नहीं बल्कि एक साजिश से हारे हैं। मैं हारी नहीं।" इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि "वो संवैधानिक नियमों के हिसाब से एक्शन ले सकते हैं।" उन्होंने बीजेपी पर "अत्याचारों" का आरोप लगाते हुए सड़कों पर उतरने की चेतावनी भी दी।
चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप
ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा "हमारा मुकाबला बीजेपी से नहीं था बल्कि चुनाव आयोग से था।" ममता बनर्जी ने दावा किया कि चुनाव आयोग ने सीधे तौर पर बीजेपी के पक्ष में काम किया, जिससे पूरी चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
TMC बोलीं- इस बार काउंटिंग में चोरी हुई
दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद कल्याण बनर्जी ने दावा किया, "इस बार काउंटिंग में चोरी हुई है। ये फाइनल है। सभी कैंडिडेट्स पर बुरी तरह हमला किया गया। सभी काउंटिंग एजेंट्स पर CISF और CRPF ने बुरी तरह हमला किया और उन्हें बाहर निकाल दिया। ये डेमोक्रेसी के लिए बहुत बड़ा खतरा है। काउंटिंग में कोई ट्रांसपेरेंसी नहीं है। ये डेमोक्रेसी पर एक बेरहम हमला है। उन्होंने काउंटिंग में सब कुछ लूट लिया है।"
भाजपा बोलीं- ममता बनर्जी का बयान कॉन्स्टिट्यूशनल ईशनिंदा है
ममता बनर्जी के इन कड़े बयानों पर पलटवार करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से आरोप लगाया कि बनर्जी हिंसा के रास्ते से संवैधानिक व्यवस्था को "शॉर्ट-सर्किट" करने का सुझाव दे रही हैं, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के सरासर खिलाफ है।
पूनावाला ने लिखा, "ममता बनर्जी जो सुझाव दे रही हैं, वो कॉन्स्टिट्यूशन-विरोधी, अंबेडकर-विरोधी है और चुनाव के बाद का गुस्सा होने के अलावा कॉन्स्टिट्यूशनल ईशनिंदा भी है। वो पावर के शांतिपूर्ण ट्रांसफर के कॉन्सेप्ट को पलटना चाहती हैं, जो हमारे कॉन्स्टिट्यूशनल सिस्टम की पहचान है।"














Click it and Unblock the Notifications