पश्चिम बंगाल कांग्रेस की कमान संभालते ही लेफ्ट से गठबंधन पर अधीर रंजन ने दिया बड़ा बयान, कही ये बात
लेफ्ट से गठबंधन पर अधीर रंजन का बड़ा बयान, कही ये बात
नई दिल्ली। कांग्रेस ने अधीर रंजन चौधरी को पश्चिम बंगाल इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने पद संभालने के बाद कहा है कि राज्य विधानसभा चुनाव के लिए वामदलों से गठबंधन के रास्ते खुले हैं। पश्चिम बंगाल में 2021 में होने वाले चुनावों को लेकर चौधरी ने कहा कि अभी इस पर कुछ कहना जल्दीबाजी होगी लेकिन भाजपा से मुकाबले के लिए वो सीपीएम की अगुवाई वाले लेफ्ट फ्रंट से गठबंधन को तैयार हैं।

हम गठबंधन को तैयार हैं
अधीर रंजन चौधरी ने कहा, प्रदेश में बुनियादी लड़ाई धर्मनिरपेक्षता और सांप्रदायिकता के बीच है। कांग्रेस के धर्मनिरपेक्ष आदर्श भाजपा और तृणमूल की सांप्रदायिक बयानबाजी को पराजित करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा, कांग्रेस अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के खिलाफ वाम मोर्चे के साथ गठबंधन करने के लिए तैयार है। तृणमूल कांग्रेस के कुशासन के खिलाफ कांग्रेस वाम मोर्चे के साथ मिलकर कांग्रेस पूरे जोश से लड़ेगी। पश्चिम बंगाल में अगले साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।

कांग्रेस-लेफ्ट पहले भी गठबंधन में रह चुके
कांग्रेस और वामदल पहले भी गठबंधन कर चुके हैं। केंद्र में भी वामदलों के समर्थन से कांग्रेस ने सरकार चलाई है। बहरामपुर से लोकसभा सदस्य अधीर रंजन चौधरी ने कहा, हम माकपा और दूसरे वाम दलों के साथ समझौता कभी खत्म नहीं करना चाहते थे, लेकिन माकपा को शायद यह लगा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन करने से उसे अपेक्षित सफलता नहीं मिली और वो अलग हो गए।

दो दिन पहले मिली है चौधरी को नई जिम्मेदारी
अधीर रंजन चौधरी को कांग्रेस ने बुधवार को पश्चिम बंगाल इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने चौधरी को तत्काल प्रभाव से पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया।पश्चिम बंगाल पीसीसी के अध्यक्ष सोमेन मित्रा के निधन के कारण यह पद खाली हो गया था। लोकसभा में कांग्रेस के नेता चौधरी इससे पहले भी फरवरी, 2014 से सितंबर, 2018 तक पश्चिम बंगाल पीसीसी के अध्यक्ष रह चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications