ममता बनर्जी ने की सभी विपक्षी दलों से CAA के खिलाफ एकजुट होने की अपील
कोलकाता। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन करने वालों को देश विरोधी ठहराने को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। ममता बनर्जी ने सभी राजनीतिक दलों और नागरिक संस्था समूहों से देशभर में बीजेपी के खिलाफ एकजूट होने और उसे अलग-थलग करने का अनुरोध किया है। ममता बनर्जी ने कहा कि बीजेपी देश के वैध नागरिकों की नागरिकता छीनने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (NPR) को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी सरकार ने एनपीआर को पहले से ही रोक रखा है और आगे भी इसे लागू नहीं होने देंगी। पुरुलिया शहर में अपना पांच किलोमीटर लंबा प्रदर्शन शुरू करने से पहले ममता बनर्जी ने ये बातें कही। उन्होंने कहा कि जो भी शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहा है उसे राष्ट्र विरोधी बताया जा रहा है। उन्होंने कहा, ''जब तक सीएए को वापस नहीं ले लिया जाता तब तक मैं अपना विरोध खत्म नहीं करुंगी। सिर्फ इतना पक्का कीजिए कि आपका नाम मतदाता सूची में हो। बाकी का काम मैं देख लूंगी। किसी को भी यह देश नहीं छोड़ना पड़ेगा।''
आपको बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर ममता बनर्जी का विरोध प्रदर्शन जारी है। सोमवार को उन्होंने पुरुलिया में प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद शहरी इलाके में पदयात्रा की। ममता बनर्जी ने बैठक में महिलाओं के लिए राज्य सरकार संचालित जागो परियोजना के तहत स्वयं सहायता समूह के महिलाओं के लिए किए गए कार्य के बारे में ब्यौरा लिया। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों को दो टूक कहा कि जिले को लेकर उन्हें सतर्क रहने की जरुरत है।
मुख्यमंत्री ने आगाह किया कि कुछ बाहरी लोग यहां प्रवेश कर अशांति फैलाने की कोशिश में है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दास्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने ऐसे तत्वों पर प्रशासन को मुस्तैदी से नजर रखने का निर्देश दिया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले पांच दिन मुख्यमंत्री कोलकाता में कई जगहों पर सीएए-एनआरसी के खिलाफ सड़क पर उतर विरोध कर चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications