मुंबई में ममता ने की उद्धव से मुलाकात, जानें क्या है माजरा?
मुंबई। शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज मुंबई में मुलाकात की। बता दें कि ममता फिलहाल मुंबई में ही हैं। दोनों राजनीतिक हस्तियों की मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं, हालांकि शिवसेना ने इस पर सफाई दी है। शिवसेना की ओर से कहा गया है कि यह सिर्फ एक शिष्टाचार मुलाकात थी। हालांिक इस मुलाकात के बाद अटकलें बढ़ गई हैं। यह बात दीगर है कि बीते साल हुई नोटबंदी के वक्त जब ममता ने नोटबंदी के खिलाफ मोर्चा निकाला था, तो उसमें शिवसेना ने साथ दिया था। बता दें कि ममता, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का हिस्सा नहीं है, उसके बावजूद ठाकरे से उनकी मुलाकात कई सवाल खड़े कर रही है। जहां कई बार ममता, केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा की आलोचना खुले मंच से कर रही हैं, बीते कुछ दिनों में शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी के बीच सब कुछ ठीत नहीं चल रहा है।

गौरतलब है कि बीते दिनों महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले कैबिनेट में फेरबदल करेंगे। इस फेरबदल में शिवसेना के पूर्व नेता नारायण राणे को सरकार को जगह मिलेगी। फडणवीस ने कहा था कि राणे NDA से जुड़े हैं। उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। वो हमारे (भाजपा) कोटे से मंत्री होंगे। हालांकि इस फेरबदल पर शिवसेना ने ऐतराज किया है। शिवसेना ने फडणवीस तक यह संदेश पहुंचा दिया है कि अगर राणे मंत्रिमंडल में आए तो सेना सरकार से निकल जाएगी। यह संदेश शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के निजी सचिव मिलिंद नार्वेकर की ओर से फडणवीस तक पहुंचाया गया।
दूसरी ओर केंद्र सरकार के आधार के अनिवार्य करने के फैसले को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। ममता की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को सुनवाई । कुछ दिन पहले ममता बनर्जी ने टेलीकॉम विभाग को खुली चुनौती देते हुए कहा था कि वह अपना फोन आधार से लिंक नहीं करावाएंगी, चाहे कनेक्शन कट जाए। ममता ने आधार कार्ड को फोन से लिंक करने की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा था कि वह निर्देशों का पालन नहीं करेंगी।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि ममता और उद्धव की यह मुलाकात भाजपा के लिए कोई नई मुसीबत खड़ी करेगी या फिर सब कुछ सामान्य चलता रहेगा?












Click it and Unblock the Notifications