West Bengal Chunav: बीजेपी ने बनाया 11 सदस्यीय संकल्प पत्र समिति, नितिन नबीन और शाह जल्द करेंगे बंगाल दौरा
West Bengal Chunav: पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी एक्शन मोड में है। पार्टी ने राज्य के लिए 11 सदस्यीय "स्टेट संकल्प पत्र समिति" का गठन किया है। यह कमेटी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र तैयार करेगी। विधानसभा चुनाव से पहले इस समिति के ऊपर मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने के लिए चुनावी घोषणा पत्र बनाने की जिम्मेदारी होगी। बीजेपी अध्यक्ष समेत वरिष्ठ नेता आने वाले सप्ताह में प्रदेश का दौरा करेंगे।
पश्चिम बंगाल बीजेपी के मुताबिक, इस स्टेट संकल्प पत्र समिति के अध्यक्ष पार्टी नेता तापस रॉय होंगे। वहीं, विधायक डॉ. अशोक लाहिड़ी को संयोजक और विधायक अग्निमित्रा पॉल को सह-संयोजक नियुक्त किया गया है। समिति के अन्य सदस्यों में डॉ. चित्तरंजन मंडल, सांसद मनोज तिग्गा, डॉ. स्वपन दासगुप्ता, शिशिर बजोरिया, डॉ. अमलकांति रे, वैशाली डालमिया, डॉ. अनिर्बान गांगुली और अधिवक्ता देबजीत सरकार शामिल हैं।

West Bengal Chunav: बीजेपी अध्यक्ष और गृहमंत्री का दौरा
- टीएमसी के 15 साल पुराने राज के उखाड़ फेंकने के लिए बीजेपी और संघ दोनों ने कमर कसी हुई है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता आने वाले सप्ताह में बंगाल में का दौरा कर तैयारियों का जायजा लेंगे। पार्टी की कोशिश राज्य में संगठन को मजबूत करने और राजनीतिक रणनीति को धार देने की है।
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 और 31 जनवरी को पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे। इस दौरान वह अहम संगठनात्मक और राजनीतिक बैठकों में हिस्सा लेंगे। शाह पार्टी पदाधिकारियों और सोशल मीडिया टीम के साथ आगामी चुनावी तैयारियों की समीक्षा भी करेंगे।
- बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 27 और 28 जनवरी को अपने पहले आधिकारिक दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंचेंगे। इस दौरान वह 27 जनवरी को दुर्गापुर में राज्य कोर टीम की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। चुनाव की तैयारियों के रोडमैप की चर्चा करेंगे और कार्यकर्ताओं से फीडबैक भी लेंगे।
BJP President Nitin Nabin करेंगे कार्यकर्ताओं से संवाद
28 जनवरी को नितिन नबीन पूर्व बर्दवान के चित्रालय मेला मैदान में आयोजित बर्दवान विभाग कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे। इसमें प्रदेश के अलग-अलग हिस्से से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसके बाद दोपहर में वह रानीगंज में आसनसोल जिला कार्यकर्ता बैठक में शामिल होंगे। जिला स्तर पर संगठनात्मक मुद्दों पर मार्गदर्शन देंगे। बताया जा रहा है कि बीजेपी के नए अध्यक्ष बूथ प्रभारियों से भी चर्चा करेंगे।
Manifesto Committee लेगी जनता से सुझाव
संकल्प पत्र समिति के 11 सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारी मिलेगी। समिति घोषणा पत्र तैयार करने के लिए जनता से सुझाव भी लेगी। वरिष्ठ नेताओं के इन लगातार दौरों और घोषणापत्र समिति के गठन से साफ है कि बीजेपी पश्चिम बंगाल में सत्ता में वापसी के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। पार्टी का लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनना और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के 15 साल के शासन को खत्म करना है।












Click it and Unblock the Notifications