चुनाव आयोग से मिले भाजपा के नेता, पश्चिम बंगाल के हालात को कश्मीर से बदतर बताया
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होना है, ऐसे में भारतीय जनता पार्टी और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के बीच नूराकुश्ती लगातार जारी है और दोनों ही एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। हाल ही में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हमले के बाद सियासी पारा काफी बढ़ गया है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात की। भाजपा नेताओं ने प्रदेश के हालात को कश्मीर से बदतर बताते हुए प्रदेश में जल्द से जल्द आचार संहिता लागू करने की मांग की है।
Recommended Video

भारतीय जनता पार्टी की ओर से राज्यसभा सांसद स्वपन दास गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात की है। इस दौरान पश्चिम बंगाल भाजपा के सचिव सब्यसाची दत्ता, भाजपा चुनाव समिति के संयोजक शिशर बाजोरिया भी शामिल थे। तीनों ही नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात के दौरान प्रदेश के हालात पर चिंता जाहिर की और पश्चिम बंगाल में जल्द से जल्द आचार संहित लागू करने की मांग की। चुनाव आयुक्त से मुलाकात के बाद स्वपन दास गुप्ता ने कहा कि प्रदेश के असाधारण परिस्थिति को देखते हुए जल्द से जल्द आदर्श आचार संहिता को लागू करना चाहिए।
भाजपा सचिव सब्यसाची दत्ता ने कहा कि प्रदेश के हालत कश्मीर से भी खराब हो गए हैं। जिस तरह से प्रदेश में पिछले कुछ दिनों में हिंसा हुई उसका हवाला देते हुए भाजपा की ओर से कहा गया है कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गई है। मुख्य चुनाव को सौंपे गए ज्ञापन ने नड्डा के काफिले पर हुए हमले की निंदा की गई है और प्रदेश पुलिस पर आरोप लगाया गया है कि वह टीएमसी की पुलिस के तौर पर काम कर रही है। भाजपा की ओर से मांग की गई है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए अर्धसैनिक बलों को तैनात किया जाए। टीएमसी को सरकारी कर्मचारी समर्थन दे रहे हैं, ऐसे हालात में प्रदेश में निष्पक्ष चुनाव नहीं कराया जा सकता है। लिहाजा प्रदेश में जल्द से जल्द आदर्श आचार संहित को लागू किया जाए।












Click it and Unblock the Notifications