Weather Update: दिल्ली में 5 अगस्त तक जारी रहेगी बारिश, उत्तर भारत में औसत से अधिक वर्षा का अनुमान
Weather Update: आज सुबह दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिली। भारतीय मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि रुक-रुक कर होने वाली ये बारिश 5 अगस्त तक जारी रहेगी।
बुधवार शाम को दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के कई इलाकों में भारी बारिश हुई थी, जिसने एक तरफ उमस भरे मौसम से राहत देने का काम किया तो दूसरी तरफ जलभराव-ट्रैफिक जाम के चलते लोगों का काफी मुश्किलों का सामना भी करना पड़ा।

हिमाचल-उत्तराखंड में भारी बारिश का अनुमान
खराब मौसम के चलते दिल्ली में 10 उड़ानों को डायवर्ट किया गया। एयर इंडिया की ओर से कहा गया है कि खराब मौसम के कारण दिल्ली आने-जाने वाली उड़ानों में देरी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में भारी बारिश हो रही है और कम से कम एक और दिन तक जारी रहेगी।
महाराष्ट्र में अधिक बारिश की संभावना
इसके अलावा, महाराष्ट्र समेत उत्तर भारत में अगले 8-10 दिनों में अधिक बारिश होने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि अचानक भारी बारिश मानसून रेखा (ट्रफ) के दक्षिण से उत्तर की ओर शिफ्ट होने के कारण हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली के लिए दो दिन पहले ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था।
अगस्त-सितंबर में भी अधिक बारिशकी संभावना
मौसम विभाग का कहना है कि अगस्त और सितंबर माह में ला नीना वेदर पैटर्न के चलते देश में औसत से अधिक बारिश होने की संभावना है। आईएमडी का अनुमान है कि अगस्त-सितंबर महीनों में भारत में औसत 422.8 मिमी से 106 प्रतिशत ज्यादा बारिश होगी।
केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के पूर्व सचिव माधवन राजीवन ने कहा कि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली में भारी बारिश कम से कम एक दिन और जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र समेत उत्तर भारत में अगले 8-10 दिनों में और बारिश होगी।
दिल्ली का बुरा हाल
बता दें कि बुधवार को हुई भारी बारिश के दौरान दिल्ली के सब्ज़ी मंडी इलाके में एक मकान ढह गया। घटनास्थल पर पांच दमकल गाड़ियाँ भेजी गईं, लेकिन ट्रैफ़िक जाम के कारण उनके पहुंचने में देरी हुई। रिपोर्ट्स के अनुसार यह घटना रात 8:57 बजे हुई।
वहीं एक और दुखद घटना में पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में भारी बारिश के बाद पानी से भरे नाले में गिरने से महिला और बच्चे की मौत हो गई। रिपोर्ट के अनुसार मृतकों की पहचान गाजियाबाद के प्रकाश नगर खोड़ा कॉलोनी निवासी तनुजा (22) और उनके बच्चे प्रियांश (3) के रूप में हुई है।
बिंदापुर में एक 12 वर्षीय लड़के की बिजली का झटका लगने से मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि दीवार के पास चलते समय वह एक लाइव केबल के संपर्क में आ गया और उसे बिजली का झटका लगा। बाद में उसे मृत घोषित कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications