तापमान बढ़ने के साथ इन राज्यों में अगले 5 दिनों में बारिश का अनुमान, यहां दो दिन होगी भारी बरसात-IMD
मौसम विभाग ने जहां देश के बाकी हिस्सों में तापमान की मौजूदा स्थिति बने रहने की बात कही है। वहीं उत्तर-पूर्वी राज्यों और पश्चिमी हिमालय के क्षेत्रों में बारिश का अनुमान जताया है। अरुणाचल में दो दिन भारी बारिश होगी।

पूरा देश इस साल फरवरी महीने में मौसम में हुए अजीब बदलाव से परेशान है। सर्दी का मौसम खत्म नहीं हुआ है, लेकिन गर्मी में पारा चढ़ने लगा है। गुजरात के भुज शहर में तो फरवरी महीने में तापमान का अबतक का सारा रिकॉर्ड टूट चुका है। हद तो ये है कि जो सैलानी ठंड और बर्फबारी का आनंद लेने के लिए हिमाचल की ऊंची वादियों में गए हुए थे, वह तापमान के चढ़ने से परेशान हो चुके हैं। लेकिन, अब मौसम विभाग ने कुछ राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश होने का अनुमान जताया है। कुछ जगहों पर मध्यम से लेकर भारी बारिश और गरज के साथ छींटें पड़ने की भी संभावना जताई गई है।

अरुणाचल प्रदेश में दो दिनों तक भारी बारिश का अनुमान
पूरे देश में इस साल फरवरी महीने में अप्रत्याशित रूप से तापमान बढ़ रहा है। कुछ जगहों पर तापमान में सामान्य से 10-10 डिग्री तक की उछाल दर्ज की जा रही है। यहां तक हिमाचल प्रदेश में भी तापमान बढ़ने से पर्यटकों को निराशा मिल रही है। लेकिन, भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार को 21 और 22 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। यही नहीं मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक अरुणाचल प्रदेश में मध्यम बारिश होते रहने का अनुमान जताया है, साथ ही असम, मेघालय, नागालैंड और मणिपुर जैसे उत्तर-पूर्वी राज्यों में भी अगले पांच दिनों के दौरान हल्की बारिश होने की भविष्यवाणी की है।

इन राज्यों में भी बारिश की भविष्यवाणी
मौसम विभाग के अनुमानों के मुताबिक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी अगले तीन दिनों के दौरान बारिश होने की संभावना है। यही नहीं मौसम विभाग का कहना है कि हिमाचल प्रदेश में भी छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। साथ ही अरुणाचल प्रदेश के अलावा असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर में 21 और 22 फरवरी को बिजली कड़कने और गरज के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना जाहिर की गई है।

कुछ जगहों पर बर्फबारी की भी संभावना
आईएमडी का कहना है कि पश्चिमी हिमालय के क्षेत्र में भी अगले 24 घंटों के दौरान व्यापक रूप से मध्यम से छिटुपट बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है। अगले 24 घंटे में पंजाब में छिटपुट बारिश होने की अत्यधिक संभावना है। हालांकि, देश के बाकी हिस्सों के लिए मौसम में अगले पांच दिनों में कोई ज्यादा बदलाव की भविष्यवाणी नहीं की गई है। इसके अनुसार गुजरात, राजस्थान और कोंकण क्षेत्र में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। गुजरात और राजस्थान में ज्यादातर स्थानों में सामान्य से काफी ज्यादा तापमान दर्ज की जा रही है।

कई राज्यों में तापमान में असामान्य उछाल
वहीं, अगले 24 घंटे के मौसम की भविष्यवाणी है कि पंजाब, हिमाचल प्रदेश और पश्चिम राजस्थान में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर बना रहेगा। वैसे पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट होने की उम्मीद जताई गई है, लेकिन उसके बाद महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना नहीं है। गौरतलब है कि इस बार गुजरात में फरवरी महीने में तापमान के रिकॉर्ड टूट चुके हैं और हिमाचल के पहाड़ों पर भी असामान्य गर्मी पड़ने लगी है।
Recommended Video

दिल्ली में भी सामान्य से ज्यादा तापमान
वहीं, जहां तक राजधानी दिल्ली के मौसम का सवाल है तो सोमवार की सुबह न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री दर्ज किया गया, जो कि इस मौसम में सामान्य के औसत से 2 डिग्री ज्यादा है। वहीं सुबह साढ़े आठ बजे वातावरण में 91 फीसदी नमी दर्ज की गई। जबकि, अधिकतम तापमान का 32 डिग्री के आसपास बने रहने की बात कही गई है। लेकिन, दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति बहुत खराब की श्रेणी में बनी हुई है और सोमवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स 343 दर्ज की गई। (कुछ तस्वीरें- प्रतीकात्मक)












Click it and Unblock the Notifications