Heatwave:28 मार्च तक के लिए मौसम की हुई भविष्यवाणी, उत्तर भारत में यहां तक पहुंचेगा तापमान
नई दिल्ली, 23 मार्च: मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के मौसम की जो भविष्यवाणी की है, उसके मुताबिक कुछ राज्य के कई इलाके भयानक लूट की चपेट में आने वाले हैं तो वहीं कुछ राज्यों में बारिश और हल्की बर्फबारी की भी संभावनाएं जताई गई हैं। सबसे सख्त चेतावनी गुजरात के लिए जारी की गई है, जहां पांच दिनों तक लू की स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है। दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत को लेकर भी मौसम विभाग के वैज्ञानिक ने कहा है कि पिछले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट आई है और इसके साथ ही उसने आगे की भी संभावनाएं जाहिर की हैं।

देश के इन राज्यों में छिटपुट बारिश की संभावना
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को कहा है कि देश के कुछ राज्यों में अगले रविवार तक लू की स्थिति बनी रहेगी। लेकिन, साथ ही दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में अगले 4 दिनों में छिटपुट बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक ताजा पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में 23 और 24 मार्च को कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश/बर्फबारी के साथ गरज/बिजली चमकने की स्थिति पैदा होने की काफी संभावना है। वहीं उत्तराखंड में भी 24 मार्च को मौसम के ऐसे ही हालात बन सकते हैं।

दक्षिण बारिश में भी बारिश और खराब मौसम के आसार
दक्षिण भारत में भी केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक में अगले 5 दिनों तक हल्की और छिटपुट बारिश होने की काफी संभावना है, जबकि तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में अगले तीन दिनों तक हल्की बारिश हो सकती है। आईएमडी के अनुसार केरल, तटीय और दक्षिणी अंदरूनी कर्नाटक में अगले तीन दिनों तक और तमिलनाडु, पुडुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में अगले 24 घंटों के दौरान कहीं-कहीं बादल गरज सकते हैं और बिजली गिरने की घटाएं होने की भी काफी संभावना है।

पूर्वोत्तर हालत में गर्मी से मिल सकती है राहत
जबकि, पूर्वोत्तर भारत के राज्यों जैसे कि अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में 23 मार्च से 26 मार्च के बीच मध्यम से लेकर व्यापक बारिश होने की अत्यधिक संभावना है। वहीं पश्चिम बंगाल के हिमालय से सटे इलाके और सिक्कम में अगले 5 दिनों तक बादल गरजने और बिजली चमकने जैसी मौसम की घटनाएं कई जगहों पर देखने को मिल सकती हैं।

गुजरात में 5 दिनों तक लू चलने की चेतावनी
मौसम विभाग ने गुजरात के विभिन्न इलाकों में अगले 5 दिनों तक लू (हीटवेव)का अलर्ट जारी किया है। गुजरात के जिन इलाकों में लोगों को लू का सामना करना पड़ सकता है, वे हैं- सौराष्ट्र और कच्छ के इलाके। इनमें ऊपर के दोनों क्षेत्रों में 25 से 27 मार्च के लिए लू का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि गुजरात क्षेत्र में यह परिस्थति 26 और 27 मार्च को पैदा हो सकती है।

उत्तर भारत में 28 मार्च तक लू नहीं चलेगी-मौसम विभाग
इस बार पूरा उत्तर भारत मार्च के मौसम में भी मई वाली गर्मी महसूस कर रहा है। लेकिन, दिल्ली में आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामनी ने राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों समेत बाकी उत्तर भारत के लिए भी राहत की खबर दी है। उन्होंने कहा है, 'पिछले कुछ दिनों में दिल्ली में तापमान 3 से 4 डिग्री कम हो गया है। अगले एक-दो दिनों तक तेज हवाएं चलती रहेंगी। 28 मार्च तक तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। उत्तर भारत में किसी भी राज्य के लिए हीटवेव की चेतावनी नहीं है, सिर्फ गुजरात में 5 दिनों को छोड़कर।'












Click it and Unblock the Notifications