आखिर कब तक सताएगी ये गर्मी? हीटवेव से जनता हुई त्रस्त, IMD ने जारी की नई एडवाइजरी
Weather Update, IMD Advisory: उत्तर भारत इस समय भीषण गर्मी का सामना कर रहा है। फिलहाल गर्मी के इस प्रकोप से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के लिए गंभीर चेतावनी जारी की है।
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी ने कहा कि गर्मी का प्रकोप 2 जून तक जारी रहेगा। अभी तापमान और बढ़ने की संभावना है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का अनुमान है। मौसम विभाग ने गर्मी और हीट वेव को देखते हुए नई एडवाइजरी जारी की है।

मौसम विभाग ने कहा है कि 2 जून तक सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक कोई भी व्यक्ति बाहर (खुले आसमान के नीचे) ना निकले। मौसम विभाग ने यह बताया है कि इस दौरान तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से 55 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है। ऐसे में खुले आसमान के नीचे जाना जानलेवा हो सकता है।
आईएमडी ने कहा है कि अगर किसी भी व्यक्ति को घुटन महसूस हो या अचानक तबियत खराब हो तो तुरंत डॉक्टर की सलाह लें। साथ ही एडवाइजरी में सलाह दी गई है कि रूम के अंदर रहने के दौरान दरवाजा खुला रखें ताकि वेंटिलेशन बना रहे। मोबाइल का प्रयोग कम करने की भी सलाह दी गई है।
बढ़ते तापमान की वजह से मोबाइल फटने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधान रहने की अपील की है। साथ ही सभी को दही, मट्ठा, बेल का जूस जैसे ठंडे पेय पदार्थ का सेवन ज्यादा से ज्यादा करने की सालाह दी गई है।
हालांकि, उत्तर भारत में भीषण गर्मी के बीच पूर्वोत्तर भारत ने थोड़ी राहत की सांस ली है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात रेमल की वजह से 7 सालों बाद एक केरल और पूर्वोत्तर के अधिकांश हिस्सों में मानसून एक साथ पहुंचा है। मानसून के पहुंचने से इन क्षेत्रों में रह रहे लोगों को थोड़ी राहत मिली है।












Click it and Unblock the Notifications