विशेष दर्जे से ज्यादा देने को तैयार, आंध्र प्रदेश पर रुख साफ करने के लिए लाएंगे प्रस्ताव: राम माधव
वहीं राम माधव ने कहा कि हम आंध्र की जनता के प्रति प्रतिबद्ध हैं पिछले चार सालों में हमने सूबे में अच्छा काम किया है
नई दिल्ली। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने कहा है कि हम एक प्रस्ताव लाएंगे जिससे आंध्र प्रदेश पर रुख साफ होगा। उन्होंने कहा कि हम आंध्र प्रदेश के लोगों को बताएंगे कि पिछले चार सालों में केंद्र सरकार ने सूबे के लिए क्या किया। राम माधव ने कहा कि हम आंध्र प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आंध्र प्रदेश के लिए स्पेशल स्टेट्स से ज्यादा मदद करने के लिए तैयार है। जब मीडिया ने ये पूछा कि क्या आपको लगता है कि तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) फिर से एनडीए में आएगी तो राम माधव ने कहा कि ये सवाल आपको टीडीपी से पूछना चाहिए। ये सारी बातें राम माधव ने बीजेपी चीफ अमित शास से मुलाकात के बाद कही।

वहीं राम माधव ने कहा कि हम आंध्र की जनता के प्रति प्रतिबद्ध हैं पिछले चार सालों में हमने सूबे में अच्छा काम किया है। आपको बता दें कि आंध्रप्रदेश के विशेष दर्जे की मांग को लेकर मोदी सरकार से बाहर हो चुकी तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) ने शुक्रवार को एनडीए से चार साल पुराना नाता तोड़ लिया। साथ ही लोकसभा में मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस भी दे दिया। टीडीपी के अलावा वाईएसआर कांग्रेस भी अविश्वास प्रस्ताव लाई थी, लेकिन हंगामे के चलते यह लोकसभा में पेश नहीं हो पाए। शोर-शराबे के बीच स्पीकर सुमित्रा महाजन ने कार्यवाही सोमवार तक स्थगित कर दी। टीडीपी अब सोमवार को अविश्वास प्रस्ताव ला सकती है। करीब चार साल के कार्यकाल में मोदी सरकार के खिलाफ पहली बार अविश्वास प्रस्ताव लाए गए हैं। हालांकि, इनसे सरकार को कोई खतरा नहीं।












Click it and Unblock the Notifications