नीतीश और तांत्रिक के मुलाकत का वीडियो वायरल, तांत्रिक ने कहा लालू मुर्दाबाद
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में एक ऐसा ट्विस्ट आया है जिसने साबित कर दिया है कि सियासत में मनचाही कामयाबी पाने के लिए मंजे हुए सियासतदान भी तंत्र-मंत्र के शरण में जाने से गुरेज नहीं करते। जी हां एक ताजा वीडियो वायरल हुआ है जिसमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक तांत्रिक के घर बैठे हुए हैं।

वो तांत्रिक उन्हें चूम रहा है और नीतीश कुमार जिंदाबाद, लालू मुर्दाबाद कह रहा है। इस वीडियो में एक नयी सियासी बहस को जन्म दे दिया है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इस वीडियो को यू ट्यूब पर अपलोड किया है। इस वीडियो में नीतीश कुमार के साथ तांत्रिक के कमरे में सांसद और उनके बेहद करीबी आरसीपी सिंह और मोकामा से चुनाव लड़ रहे नीरज कुमार सिंह मौजूद हैं।
गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया है कि नीतीश कुमार RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद से छुटकारा पाने के लिए तांत्रिक के पास गए थे। इस वीडियो में तांत्रिक की आवाज साफ नहीं है लेकिन इतनी बात समझ में आ रही है कि तांत्रिक नीतीश जिंदाबाद और लालू मुर्दाबाद कह रहे हैं।
चर्चा ये भी है कि यह वीडियो जून, 2014 का है जब नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ी थी। वहीं लालू यादव ने इस पूरे मामले में अनभिज्ञता जाहिर की है और प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वो तांत्रिकों से भी बड़े तांत्रिक हैं। वीडियो जारी करते हुए गिरिराज सिंह ने दावा किया है कि नीतीश कुमार को तांत्रिक ने लालू से दूर रहने की सलाह दी है। नीतीश लालू के साथ हैं लेकिन वो उनको भी धोखा दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications