लेडी डायना की ताज महल की वह फोटो और फिर खत्म हो गया रिश्ता
आगरा। प्रिंस विलियम और केट मिडिलटन ने शनिवार को ताज महल के साथ ही अपनी शाही ट्रिप को खत्म किया। प्रिंस विलियम की मां लेडी डायना भी यहां पर आई थीं और उन्होंने भी ताज महल के बारे में काफी जानकारियां इकट्ठा की थीं।

लेकिन आज तक शाही परिवार को करीब से देखने वाले लोग मानते हैं कि ताज महल का दौरा लेडी डायना की निजी जिंदगी का एक मनहूस पल था।
क्या हुआ था वर्ष 1992 में
प्रिंस चार्ल्स और उनकी पत्नी लेडी डायना फरवरी 1992 में भारत दौरे पर आए थे। यहां आने से पहले दोनों के रिश्तों में दरार की बात कही जा रही थी लेकिन सब इसे एक अफवाह मान रहे थे।
लेडी डायना की ताज महल में क्लिक की गई फोटो को ब्रिटिश मीडिया ने टाइटल दिया, 'एन अलोन लेडी एट द ताज।' इस फोटोग्राफ के साथ ही साफ हो गया था कि दोनों लोगों के बीच सबकुछ ठीक नहीं है। लेडी डायना करीब पांच मिनट तक उसी बेंच पर खामोश बैठी रही थी।
कैमिला थीं डायना का सिरदर्द
प्रिंस चार्ल्स की अपनी दोस्त और उनकी मौजूदा पत्नी कैमिला के साथ करीबियां उस समय भी लेडी डायना के लिए सिरदर्द थीं।
प्रिंस चार्ल्स और लेडी डायना दोनों को आगरा आना था लेकिन अंत में सिर्फ लेडी डायना ही आगरा आईं और उन्होंने ताज महल में अपनी फोटोग्राफ क्लिक कराई।
डायना आगरा में चार्ल्स दिल्ली में
जहां लेडी डायना ताल महल घूम रही थीं तो वहीं उनके पति प्रिंस चार्ल्स दिल्ली मेंं थे। लेडी डायना को ताज महल के बारे मेें जानकारी देने वाले प्रोफेसर मुकुंद रावत ने जब उनसे प्रिंस चार्ल्स के बारे में पूछा तो उन्होंने जवाब दिया, 'काफी अच्छा लगता कि अगर हम दोनों ही इसे साथ में देख पाते लेकिन चार्ल्स दिल्ली में हैं।'
हालांकि डायना अकेले ताज घूमने को अपने लिए काफी सुकून भरा पल मान रही थीं। डेली मिरर के रॉयल एडीटर जेम्स व्हिटेकर के शब्दों में इस फोटो के आने के 10 बाद लेडी डायना और प्रिंस चार्ल्स अलग-अलग हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications