जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी, अगले 24 घंटे बेहद भारी
संस्थान ने अगले 24 घंटों में घाटी के 2500 मीटर ऊंचाई से अधिक के इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में मौसम के हालात लगातार खराब हो रहे हैं। लगातार हो रही भारी बर्फबारी के बीच चंडीगढ़ स्थित हिमपात और हिमस्खलन अध्ययन प्रतिष्ठान ने घाटी के कुछ हिस्सों में कम खतरे के हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। संस्थान ने अगले 24 घंटों में घाटी के 2500 मीटर ऊंचाई से अधिक के इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। जम्मू कश्मीर में बांदीपुरा, गंदरबल और कुपवाड़ा जिले के इलाकों में हिमस्खलन का ज्यादा खतरा बताया गया है। चंडीगढ़ के हिमस्खलन संस्थान ने अगले 24 घंटों में इन इलाकों के लोगों से हिमस्खलन प्रभावित ढलानों पर ना जाने की सलाह दी है।

आपको बता दें कि गुरुवार को भी जम्मू कश्मीर के गुलमर्ग में एक बड़ा हादसा हुआ था। यहां स्वीडन के एक स्कीयर की हिमस्खलन में दबने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक गुलमर्ग के इंटरनेशनल टूरिस्ट रिजॉर्ट के पास यह हादसा हुआ। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुलमर्ग में अफरवात चोटी पर गोंडोला सर्विस के पास यह हिमस्खलन हुआ। हिमस्खलन में दो स्कीयर फंसे थे, जिनमें से स्वीडन के डेनियल की दबने से मौत हो गई। दूसरे स्कीयर को पुलिस की बचाव टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
चेतावनी के बावजूद पर्यटकों का आना जारी
इससे पहले पिछले दिनों घाटी में कुपवाड़ा-तंगधार रोड पर हिमस्खलन से 11 लोगों की मौत हुई थी। बर्फबारी को देखते हुए प्रशासन ने गुलमर्ग जाने पर फिलहाल रोक लगाई हुई है। बुधवार रात से गुलमर्ग सहित कश्मीर के कई इलाकों में जमकर बर्फबारी हो रही है। ऐसे में प्रशासन ने हिमस्खलन की चेतावनी जारी करते हुए पर्यटकों को गुलमर्ग जाने से मना किया हुआ है। प्रशासन की चेतावनी के बावजूद पर्यटकों का गुलमर्ग जाना जारी है।












Click it and Unblock the Notifications