'सरकार को उसे रिहा करना होगा', जेल में मिलने के बाद बोलीं अमृतपाल की मां, पिता ने कही ये बात?
Amritpal Singh News: लोकसभा चुनाव 2024 में पंजाब की खडूर साहिब सीट से 'वारिस पंजाब दे' चीफ और खालिस्तानी समर्थन अमृतपाल सिंह ने निर्दलीय जीत दर्ज की है। 4 जून को जारी हुए नतीजों के बाद अब शनिवार को अमृतपाल सिंह के माता-पिता उससे मिलने जेल पहुंचे, जहां बेटे की जीत की बधाई में उन्होंने जेल में मिठाई बांटी।
'वारिस पंजाब दे' के प्रमुख और खडूर साहिब लोकसभा सीट से निर्दलीय सांसद अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह और मां बलविंदर 8 जून शनिवार को उनसे मिलने असम की डिब्रूगढ़ जेल पहुंचे। इससे पहले अमृतपाल की पत्नी किरणदीप कौर ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत। मालूम हो कि किरणदीप पांच जून से ही यहां पर हैं।

'सरकार को उन्हें रिहा करना ही होगा'
मीडिया के बात करते हुए अमृतपाल की मां बलविंदर कौर ने कहा, "मैं जनता का धन्यवाद करती हूं कि उन्होंने अमृतपाल सिंह को बहुत बड़ी बढ़त के साथ सांसद बनाया। वे जल्द ही जेल से बाहर आएंगे। सरकार को उन्हें रिहा करना ही होगा, क्योंकि लोगों ने उन्हें इतना बड़ा जनादेश दिया है।"
'सरकार की कार्रवाई के खिलाफ लोगों में गुस्सा था'
वहीं अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने कहा, "मैं पंजाब के लोगों का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने (अमृतपाल सिंह) बड़ी संख्या में उन्हें वोट दिया। वे जल्द ही लोकसभा सांसद के रूप में शपथ लेने के लिए रिहा हो सकते हैं। वे पंजाब को नशे की समस्या से बचा रहे थे। उन्हें जेल में डालने के लिए सरकार की कार्रवाई के खिलाफ लोगों में गुस्सा था।"
जेल से जीता चुनाव
बता दें कि अमृतपाल सिंह अप्रैल 2023 से जेल में बंद हैं। ऐसे में जेल से उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा। अमृतपाल ने खडूर साहिब सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कुलबीर सिंह जीरा को 1.97 लाख मतों के अंतर से हराया।












Click it and Unblock the Notifications