कर्नाटक विधानसभा चुनाव में 70 फीसदी वोटिंग: चुनाव आयोग
बेंगलुरू। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में 222 सीटों की वोटिंग संपन्न हो गई है। चुनाव के नतीजे 15 मई को चुनाव कोआएंगे। चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया है कि राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए 70 फीसदी मतदान हुआ है। सीनियर डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर उमेश सिन्हा ने कहा कि देर शाम तक भी कुछ जगहों पर लोग वोट डालने के लिए लाइन में थे। ऐसे में अभी मतदान का प्रतिशत कुछ और बढ़ेगा।

शहरी क्षेत्रों में कम मतदान
कर्नाटक में 2013 में हुए विधानसभा चुनावों में 71.4 फीसदी वोट पड़े थे, ऐसे में इस दफा बीते चुनाव के मुकाबले थोड़ा कम मतदान हुआ है। हालांकि चुनाव आयोग के अधिकारियों ने मतदान पिछली चुनाव के बराबर हो जाने की बात कही है। सिन्हा ने बताया कि ग्रामीण इलाकों के मुकाबले शहरी क्षेत्रों में कम मतदान हुआ है। राज्य में 58, 546 पोलिंग स्टेशनों पर वोट डाले गए। कुछ जगहों से ईवीएम के खराब होने की भी शिकायतें आईं और कुछ जगहों पर इसके चलते मतदान रुका भी।

2654 उम्मीदवार मैदान में
चुनाव में 2654 कैंडिडेट मैदान में हैं, इसमें 216 महिलाएं हैं। दो सीटों (जयानगर और राजाराजेश्वरीनगर) पर चुनाव नहीं हुआ है। ऐसे में 222 सीटों पर मतदान हुआ है। इनमें से 36 एससी और 15 एसटी के लिए आरक्षित हैं। चुनाव आयोग की ओर से बताया गया है कि 3.2 लाख सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी मतदान के दौरान लगाई गई।

94 करोड़ कैश हुआ जब्त
इस दफा इलेक्शन में 186 करोड़ का कैश और सामान जब्त हुआ है। चुनाव प्रचार के दौरान 94 करोड़ का कैश जब्त किया गया, 24.78 लाख की शराब और 66 करोड़ के कपड़े, गहने और इलेक्ट्रोनिक्स के सामान वगैरह सीज किए गए। ये 2013 के मुकाबले आठ गुना ज्यादा है। बेंगलुरू की आरआर नगर सीट पर 28 मई को वोटिंग होगी और 31 मई को वोटों की गिनती की जाएगी। यहां 9 हजार से ज्यादा फर्जी वोटर कार्ड मिलने की वजह से मतदान कैंसिल कर दिया गया है। वहीं हेब्बल विधानसभी के जिस बूथ पर ईवीएम में गड़बड़ की वजह से मतदान कैंसिल किया गया, वहां 14 मई को मतदान होगा।












Click it and Unblock the Notifications