विशाखापट्टनम में महिला की हत्या, 18 महीने बाद प्लास्टिक के ड्रम में छोटे-छोटे टुकड़ों में मिली डेड बॉडी
विशाखापट्टनम से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक 35 वर्षीय महिला का शव छोटे-छोटे टुकड़ों में एक ड्रम में रखा हुआ मिला है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विशाखापट्टनम में सोमवार को पुलिस ने एक 35 साल की अज्ञात महिला के सड़े-गले शरीर के अंग बरामद किए। महिला के शव को हत्या के बाद टुकड़े-टुकड़े करके मधुरवाड़ा स्थित विकलंगुला कॉलोनी स्थित एक घर में प्लास्टिक के ड्रम में भरकर रखा गया था। बताया जाता है कि महिला कि नृशंस तरीके से हत्या मई 2021 में ही कर दी गई थी। ऐसे में घटना के 18 महीने बीत चुके हैं। प्रथम दृष्टया जांच में पुलिस महिला को सेक्स वर्कर बता रही है।
हालांकि, अभी महिला की पहचान नहीं हो सकी है। वहीं हत्यारे के बारे में भी अभी कुछ नहीं पता चल पाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला के शव को टुकड़ों में काटकर प्लास्टिक के ड्रम में भरकर टेप से सील कर दिया गया था। मामले में पुलिस ने मधुरावाड़ा में वेल्डिंग की एक दुकान में काम करने वाले 33 वर्षीय ऋषि को मुख्य संदिग्ध के रूप में गिरफ्तार किया है।
मामले में पुलिस ऋषि से पूछताछ भी कर रही है। जिस घर में महिला का शव मिला, उस घर के मालिक ए रमेश की ही बिल्डिंग में ही ऋषि काम करता है और उसने बिल्डिंग में एक कमरा किराए पर ले रखा है। पुलिस के मुताबिक आरोप घर में अपनी पत्नी और बेटी के साथ रहता था। पुलिस ने कहा कि हो सकता है कि जब ऋषि की पत्नी प्रसव के लिए श्रीकाकुलम में अपने घर गई थी।
उसी वक्त उसने महिला को घर पर लाया था और दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई हो। जिसके बाद ऋषि ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को प्लास्टिक में भरकर कर रख दिया। इसके बाद घर के मालिक को यह कहकर शहर छोड़ दिया कि वह अपनी पत्नी की देखभाल के लिए सीतामपेटा जा रहा है।
हालांकि, वह मई 2021 के बाद वापस नहीं आया। मकान मालिक रमेश ने पुलिस को बताया कि उसने घर के किराए के लिए ऋषि से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। जिसके बाद रमेश ने घर को दूसरे को किराए पर देने का फैसला लिया। इस दौरान फर्नीचर हटाते समय उसकी नजर ड्रम पर पड़ी और उसने उसे खोला तो उसमें महिला का शव पड़ा मिला।
फिलहाल मामले में सिटी सीपी सी श्रीकांत का कहना है कि हम पीड़ित की पहचान करने में जुटे हैं। इसके लिए विजयनगरम और श्रीकाकुलम के अलावा शहर व उसके आसपास लापता मामलों की जांच की जा रही है। वहीं, शव के पार्ट को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ये भी पढ़ें- आधार सेवा केंद्र का डीएम ने किया शुभारंभ,प्रतिदिन एक हजार व्यक्तियों को मिलेगी यह सुविधा












Click it and Unblock the Notifications