जब सैलून में बैठी महिला के ऊपर शीशा तोड़ते हुए कूद गया हिरण, वायरल हुआ वीडियो
न्यूयॉर्कः सोशल मीडिया पर तरह-तरह के वीडियो वायरल होते रहते हैं, जिसे देखकर कभी आप हैरान हो जाते हैं तो कभी हंसते-हंसते लोटपोट हो जाते होंगे। लेकिन आजकल जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है उसे देखकर आप डर भी सकते हैं कि भला ऐसा कभी हो सकता है क्या। दरअसल, वायरल हो रहे इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि कैसे एक हिरण दुकान का शीशा तोड़ते हुए अंदर घुस जाता है। इसके बाद दुकान में भगदड़ मच जाती है।

सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई घटना
यह पूरी घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में देख सकते हैं कि खिड़की तोड़ते हुए हिरन महिला के ऊपर से गुजरा और दुकान के अंदर तोड़-फोड़ मचा दी। सीबीएस न्यूज के अनुसार जिस महिला के ऊपर हिरण कूदा वो बाल कटवाने दुकान में आई हुई थीं। हालांकि उनको बहुत ही मामूली चोट आई है। इस वीडियो को फेसबुक पर लॉन्ग आयलैंड सैलून ने शेयर किया है।

दुकान में मचाई तोड़-फोड़
वीडियो में आप देख सकते हैं कि हिरण सबसे पहले खिड़की तोड़ते हुए अंदर घुसा। फिर तोड़-फोड़ मचाना शुरू कर दिया। हिरण को अंदर देख दुकान में मौजूद लोग घबरा गए। बाहर निकलने के लिए हिरण फिर से दरवाजा तोड़ते हुए बाहर निकल गया। इस वीडियो को शनिवार के दिन शेयर किया गया है। और अभी तक इस वीडियो को 50 हजार से ज्यादा लोग देख चुके हैं।

किसी को नहीं पहुंचाया नुकसान
इस सैलून की मालकिन जेनिसे हेरेदिया हैं। उन्होंने एनबीसी न्यूज से बात करते हुए कहा कि उस वक्त मेरे दिमाग में बहुत कुछ चल रहा था। मुझे लगा कि तेज रफ्तार से कोई कार आई और दुकान में घुसी। हिरण को देखते ही मैं चीखने लगी। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि उस समय क्या करना चाहिए था। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान हिरण ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया और अपने आप दुकान से बाहर चला गया।












Click it and Unblock the Notifications