VIDEO: दलित नेताओं संग मैसूर में अमित शाह के कार्यक्रम में जमकर नारेबाजी
मैसूर। कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के कार्यक्रम में हंगामे और नारेबाजी का मामला सामने आया है। घटना मैसूर की है जहां राजेंद्र कलामंदिर में बीजेपी अध्यक्ष दलित नेताओं से मुलाकात कर रहे थे। इसी दौरान जब अमित शाह अपना संबोधन शुरू करने के लिए पहुंचे, वहां नारेबाजी शुरू हो गई। दरअसल ये नारेबाजी बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री अनंत हेगड़े के संविधान को लेकर दिए गए बयान को लेकर की गई।

मैसूर के राजेंद्र कलामंदिर का मामला
मैसूर के राजेंद्र कलामंदिर में पूरा मामला उस समय सामने आया जब बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह अपनी बात रखने के लिए मंच पर पहुंचे। ठीक उसी समय वहां जमकर नारेबाजी और शोर-शराबा शुरू हो गया। हालात ऐसे बन गए कि अमित शाह कुछ भी नहीं बोल सके। उस समय मंच पर केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार भी मौजूद थे। नारेबाजी कर रहे लोगों को शांत करने की बहुत कोशिश की गई लेकिन हंगामा काफी देर तक चलता रहा।

अनंत हेगड़े के बयान के खिलाफ नारेबाजी
बता दें कि केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री अनंत कुमार हेगड़े ने जनवरी में कर्नाटक के कोप्पल में एक कार्यक्रम के दौरान संविधान को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि भारतीय जनता पार्टी, संविधान में बदलाव के लिए ही सत्ता में आई है। हालांकि केंद्रीय मंत्री के इस बयान के बाद जमकर हंगामा हुआ, बीजेपी ने हालात को समझते हुए खुद को इस बयान से अलग कर लिया था। बावजूद इसके अनंत हेगड़े के उस बयान के खिलाफ अमित शाह के कार्यक्रम में नारेबाजी का मामला सामने आया है।

संविधान को लेकर हेगड़े ने दिया था बयान
कर्नाटक में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। इसी के साथ बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश में चुनाव की कमान खुद संभाल ली है। लगातार वो कर्नाटक में चुनावी कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहे हैं। इस दौरान जहां बीजेपी अध्यक्ष रैलियों को संबोधित कर रहे हैं वहीं कई अलग-अलग वर्ग के नेताओं से भी मुलाकात कर रहे हैं। इसी कड़ी शुक्रवार को अमित शाह मैसूर में दलित नेताओं के साथ एक कार्यक्रम में मौजूद थे। जहां अचानक ही नारेबाजी शुरू हो गई, पूरे मामले का वीडियो सामने आया है जिसमें नजर आ रहा है कि नारेबाजी की वजह से अमित शाह कुछ भी बोल नहीं पा रहे हैं।
देखिए पूरा वीडियो...












Click it and Unblock the Notifications