VIDEO: तेलंगाना में लाइव टीवी डिबेट में बवाल, BRS विधायक और बीजेपी नेता में हुई मारपीट
तेलंगाना में चुनावी सरगर्मियां जोरों पर हैं। इस बीच लाइव टीवी डिबेट में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया, जहां बीआरएस विधायक और उनके बीजेपी प्रतिद्वंद्वी के बीच हाथापाई हो गई। हालांकि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने दोनों को शांत करवाया। इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने आरोप लगाया कि हैदराबाद के कुथबुल्लापुर से बीआरएस विधायक केपी विवेकानंद ने कुना निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार श्रीशैलम गौड़ पर हमला किया था, क्योंकि वो उनके द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब नहीं दे पा रहे थे।

रेड्डी ने आगे कहा कि विवेकानन्द द्वारा बीजेपी प्रत्याशी पर हमला करना और उनका गला पकड़ना कायरतापूर्ण कार्य है। पुलिस को बीआरएस विधायक के खिलाफ मामला दर्ज करना चाहिए, नहीं तो बीजेपी कानूनी लड़ाई लड़ेगी।
Recommended Video
मामले में बीआरएस के प्रवक्त श्रवण दासोजू ने कहा कि गौड़ ने बीआरएस विधायक के पिता का निशाना साधा, जिससे माहौल गर्मा गया। दोनों को बहस के दौरान शालीनता और मर्यादा बनाए रखनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि विवेकानंद एक निवर्तमान विधायक हैं, जबकि श्रीशैलम गौड़ पहले विधायक थे। ऐसे में उन दोनों से अपेक्षा की जाती है कि वे शालीनता और संयम बनाए रखें।
उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी नेता को सबसे पहले विवेकानन्द के माता-पिता पर हमला करके बहस नहीं करनी चाहिए थी। दोनों समझदार थे और उनको पता था कि लोग घरों में बैठकर उनको देख रहे हैं।
30 नवंबर को है वोटिंग
आपको बता दें कि तेलंगाना में चुनावी तारीखों का ऐलान हो गया है। जिसके तहत 30 नवंबर को एक ही चरण में वोटिंग होगी, जबकि 3 दिसंबर को रिजल्ट आएगा। राज्य में अभी बीआरएस की सरकार है, जबकि कांग्रेस विपक्ष में है। पिछली बार बीजेपी ने एक ही सीट जीती थी, लेकिन इस बार वो काफी वक्त से तैयारी कर रही। ऐसे में मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications