वाइस एडमिरल आर. हरि कुमार होंगे नए नौसेना प्रमुख, 30 नवंबर को संभालेंगे पदभार
नई दिल्ली, 09 नवंबर: भारतीय नौसेना के वर्तमान प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह 30 नवंबर को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इस वजह से लंबे वक्त से नए नाम पर विचार चल रहा था, जो मंगलवार देर शाम सार्वजनिक कर दिया गया। अब आर. हरि कुमार भारतीय नौसेना के नए प्रमुख होंगे। मौजूदा वक्त में वो पश्चिमी नौसेना कमांडर के रूप में सेवा दे रहे हैं। 30 नवंबर को एडमिरल करमबीर की सेवा समाप्त होते ही वो इस पद की जिम्मेदारी संभाल लेंगे।

12 अप्रैल, 1962 को जन्मे वाइस एडमिरल आर. हरि कुमार ने जनवरी 1983 में भारतीय नौसेना की कार्यकारी शाखा में कमीशन प्राप्त किया था। इसके बाद उन्होंने विभिन्न कमांड, स्टाफ और निर्देशात्मक नियुक्तियों में काम किया है। उनके शी कमांड में आईएनएस निशंक, मिसाइल कार्वेट, आईएनएस कोरा और गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर आईएनएस रणवीर शामिल हैं। उन्होंने भारतीय नौसेना के विमानवाहक पोत आईएनएस विराट की भी कमान संभाली थी।
नई जिम्मेदारी के साथ नई चुनौतियां
मौजूदा वक्त में भारत का लद्दाख में चीन के साथ विवाद जारी है। इसके अलावा LoC और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी पाकिस्तान नापाक हरकतों का अंजाम देता रहता है। देखा जाए तो भारत का दोनों पड़ोसी देशों के साथ हमेशा विवाद चलता रहता है। कई बार हालात युद्ध जैसे भी बन जाते हैं। इसके अलावा हिंद और प्रशांत महासागर में भी भारत के दुश्मन साजिश करते रहते हैं। ऐसे में वाइस एडमिरल आर. हरि कुमार के सामने कई चुनौतियां रहेंगी।












Click it and Unblock the Notifications