अमरावती केमिस्ट और कन्हैयालाल दर्जी की हत्या : VHP Helpline नंबर जारी, मकसद- 'हिंदुओं की रक्षा'
विश्व हिंदू परिषद् ने हिंदुओं की रक्षा का आह्वान करते हुए हेल्पलाइन नंबर (VHP Save Hindus Helpline) जारी किए हैं। विहिप प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा, जिहादी खतरों से बचाने के लिए सेव हिंदु हेल्पलाइन जारी किया गया है।
नई दिल्ली, 09 जुलाई : महाराष्ट्र के अमरावती में केमिस्ट उमेश कोल्हे और राजस्थान के उदयपुर में दर्जी कन्हैयालाल की हत्या के खिलाफ देशभर में आक्रोश है। अमरावती और उदयपुर में हत्याओं का हवाला देते हुए विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने "हिंदुओं को जिहादी खतरों से बचाने के लिए" बजरंग दल के हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। शुरुआत में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, कर्नाटक, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, पंजाब, महाराष्ट्र, तेलंगाना, हरियाणा, राजस्थान और गुजरात के 35 क्षेत्रों के लिए नंबर जारी किए गए।

सिस्टम पीड़ितों के साथ नहीं
सेव हिंदु हेल्पलाइन जारी कर शुक्रवार को विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा, देश में आतंक का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। 'जिहादी ताकतें' दहशत पैदा करने के लिए लोगों की बेरहमी से हत्या कर रही हैं। अमरावती में उमेश कोल्हे और उदयपुर में कन्हैया लाल की हत्या इसके उदाहरण हैं। विनोद बंसल ने आरोप लगाया कि सिस्टम और पुलिस भी अमरावती और उदयपुर के इन पीड़ितों का साथ नहीं दे रही। उन्होंने कहा कि विहिप का बजरंग दल मोर्चा यह सुनिश्चित करेगा कि ऐसे लोगों को न्याय और मदद मिले। वे लोगों और व्यवस्था के बीच एक सेतु बनेंगे। यह सब लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा।
44 क्षेत्रों में वीएचपी की सेव हिंदु हेल्पलाइन
VHP का कहना है कि हेल्पलाइन नंबर के मद्देनजर विश्व हिंदू परिषद पूरे भारत के इलाकों को 44 क्षेत्रों में विभाजित करती है। विहिप ने शुरुआत में ऐसे 20 क्षेत्रों की सूची तैयार की थी, लेकिन दूसरे क्षेत्रों के लोगों के भी फोन आने लगे। उन्होंने भी हेल्पलाइन नंबर मांगे। बाद में हेल्पलाइन नंबर की एक नई सूची जारी की गई।
पुलिस से मदद मांगने की सलाह
बंसल ने कहा कि हाल के दिनों में, धमकी भरे अंदाज में हिंदुओं को उनके धर्म और धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन करने और सच बोलने बचने को कहा गया। जो लोग खुद के धर्म का समर्थन करते थे या उस पर हमला करने वालों की आलोचना करते थे, उन्हें दिनदहाड़े ट्रोल किया गया, धमकी दी गई, पीटा भी गया और यहां तक कि लोगों को जान से हाथ धोना पड़ा। उन्होंने हिंदुओं से उन लोगों के खिलाफ खुलकर सामने आने का आग्रह किया जिन्होंने उन्हें धर्म का पालन न करने की धमकी देने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि लोगों से पुलिस से संपर्क साधने की अपील भी की।
पैगम्बर पर टिप्पणी का विवाद, फार्मासिस्ट और दर्जी की हत्या
गौरतलब है कि पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी कर सुर्खियों में आईं भाजपा नेता नूपुर शर्मा के समर्थन में किए गए कथित सोशल मीडिया पोस्ट के कारण कुछ लोगों के सिर पर खून सवार हो गया। अभी तक की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राजस्थान के उदयपुर में दर्जी कन्हैयालाल और महाराष्ट्र के अमरावती में केमिस्ट उमेश कोल्हे को नूपुर शर्मा के समर्थन में पोस्ट शेयर करने के कारण मौत के घाट उतार दिया गया। फिलहाल दोनों मामलों की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications