Vande Bharat Express : कुछ घंटों में ठीक होकर पटरी पर लौटी वंदे भारत, देखें Then and Now फोटो
वंदे भारत एक्सप्रेस का अगला हिस्सा 6 अक्टूबर की सुबह 11:18 बजे वटवा-मणिनगर स्टेशन के पास भैंसों के झुंड से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त हो गया था। इस अलगे हिस्से को नोज कोन कवर कहते हैं। भैंसों के झुंड से टक्कर के कारण वंदे भारत ट्रेन का नोज कोन कवर टूट गया था, लेकिन इसे ठीक होने में ज्यादा समय नहीं लगा। कुछ घंटों बाद ही मुंबई-गांधीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस रिपेयर होकर फिर से पटरी पर लौट आई है। रेलवे सीपीआरओ सुमित ठाकुर ने शुक्रवार को बताया कि ट्रेन का सिर्फ अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ, इसके किसी फंक्शनल पार्ट को नुकसान नहीं पहुंचा था।

भैंसों के झुंड से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त हो गई थी वंदे भारत एक्सप्रेस
मुंबई सेंट्रल से लेकर और गुजरात के गांधीनगर तक जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस गुरुवार की सुबह भैंसों के झुंड से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस टक्कर में ट्रेन के आगे का कुछ हिस्सा ही क्षतिग्रस्त हुआ था। वंदे भारत एक्सप्रेस की तस्वीर गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। हालांकि, इस ट्रेन को कुछ घंटों के अंदर हीकोचिंग केयर सेंटर में ठीक कर दिया गया।

रेलवे सीपीआरओ ने ग्रामीणों को दी सलाह
रेलवे सीपीआरओ ने ग्रामीणों को सलाह दी कि वह अपने मवेशियों को ट्रैक के पास न छोड़ें। उन्होंने कहा कि पश्चिम रेलवे गांधीनगर-अहमदाबाद खंड पर ट्रेन की गति बढ़ाकर 160 किलोमीटर प्रति घंटे करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए बाड़ लगाने का काम करेगा।

मुंबई सेंट्रल डिपो में ट्रेन में लगाया गया नया नोज कोन कवर
उन्होंने बताया कि 3-4 भैंसों के अचानक रेलवे ट्रैक पर पहुंच जाने की वजह से हादसा हुआ था। दुर्घटना के 8 मिनट के अंदर ट्रेन गांधीनगर के लिए रवाना हो गई थी और अपने तय समय पर पहुंची। मुंबई सेंट्रल डिपो में ट्रेन में नया नोज कोन कवर लगा दिया गया है और बिना किसी अतिरिक्त डाउनटाइम के इसे वापस सर्विस में डाल दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications