सैनिक कल्याण में मॉडल बना उत्तराखंड, अग्निवीर रोजगार सेल बनाने वाला देश का पहला राज्य
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली उत्तराखंड सरकार, एक समर्पित अग्निवीर रोजगार सेल, शहीद और दिग्गजों के लिए बढ़ी हुई सहायता, एक मिलिट्री धाम और उन्नत पेंशन और मुआवजा योजनाओं के साथ व्यापक सैनिक कल्याण को आगे बढ़ा रही है, जो बहादुर सेवा सदस्यों और उनके परिवारों के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करती है।
सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और शहीद परिवारों के कल्याण के क्षेत्र में उत्तराखंड देश के अन्य राज्यों के लिए मॉडल बनकर उभर रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने सैनिक कल्याण को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाएं और फैसले लागू किए हैं। उत्तराखंड अग्निवीरों के लिए अलग रोजगार सेल गठित करने वाला देश का पहला राज्य भी बन गया है।

सेना में चार वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद घर लौटने वाले अग्निवीरों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने पृथक रोजगार सेल के गठन को मंजूरी दी है। यह सेल अग्निवीरों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में मदद करेगा। इसके अलावा अग्निवीरों को सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला भी सरकार पहले ही कर चुकी है।
शहीदों की प्रतिमाएं पैतृक गांवों में होंगी स्थापित
भारत माता की रक्षा में बलिदान देने वाले वीर शहीदों की प्रतिमाएं उनके पैतृक गांवों में स्थापित की जाएंगी। शहीदों की वीरता और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा उनके परिजनों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से सरकार ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
परमवीर चक्र विजेताओं के परिवारों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि को 1.5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये कर दिया गया है। वहीं, अन्य सभी बलिदानियों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है। विभिन्न वीरता पुरस्कारों से सम्मानित सैनिकों को दी जाने वाली एकमुश्त और वार्षिक सहायता राशि में भी वृद्धि की गई है।
जल्द जनता को समर्पित होगा सैन्य धाम
देहरादून में सैन्य धाम का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अब इसे जल्द जनता को समर्पित करने की तैयारी है। राज्य के शहीद सैनिकों की स्मृति में इसका निर्माण कराया गया है। शहीदों के घर-आंगन की मिट्टी को सैन्य धाम में सम्मानपूर्वक लाया गया है। यहां सभी बलिदानियों की शौर्य गाथाएं भी प्रदर्शित की गई हैं।
28 शहीद परिवारों के आश्रितों को मिली सरकारी नौकरी
धामी सरकार प्रत्येक बलिदानी परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की दिशा में काम कर रही है। अब तक 28 पात्र आश्रितों को सरकारी सेवा में समायोजित किया जा चुका है। इसके साथ ही सरकारी नौकरी के लिए आवेदन की समय सीमा को दो वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष कर दिया गया है।
सैनिकों को संपत्ति खरीद पर स्टाम्प शुल्क में छूट
सेवारत और पूर्व सैनिकों को 25 लाख रुपये तक की संपत्ति खरीद पर स्टाम्प शुल्क में 25 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। सरकार के इस फैसले से सैनिक और पूर्व सैनिक परिवारों को संपत्ति खरीद के दौरान आर्थिक राहत मिल रही है।
भूमि धोखाधड़ी के मामलों में भी मदद
सैनिकों और पूर्व सैनिक परिवारों से जुड़े भूमि धोखाधड़ी के कई मामले जिला अदालतों में लंबित हैं। प्रदेश सरकार ने ऐसे मामलों में पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए भी पहल की है। सैनिक परिवारों से जुड़े मामलों के निस्तारण में सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा- सैनिक कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनकी सरकार वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और शहीद परिवारों के सम्मान एवं कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शहीदों के आश्रितों और परमवीर चक्र विजेताओं के परिवारों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में वृद्धि के साथ ही सैनिक कल्याण के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। सैन्य धाम उत्तराखंड की समृद्ध सैन्य विरासत और शौर्य का प्रतीक बनेगा।


Click it and Unblock the Notifications
