उत्तराखंड में राष्ट्रीय एकता दिवस पर होंगे कार्यक्रम, सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर शपथ, परेड और 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन
उत्तराखंड सरकार ने अधिकारियों को चंपावत में राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 की गतिविधियों के आयोजन का निर्देश दिया है, जिसमें शपथ, सुरक्षा बलों के साथ समारोहिक परेड और अक्टूबर 2025 से अक्टूबर 2026 तक जिलों में फैली नशीली दवाओं के विरुद्ध दौड़ के साथ एकता दौड़ शामिल है।
*देहरादून/चंपावत:* उत्तराखंड में 31 अक्टूबर 2026 को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती 'राष्ट्रीय एकता दिवस' के रूप में मनाई जाएगी। इस अवसर पर प्रदेश के सभी जनपदों में एकता दिवस की शपथ, मार्च पास्ट और 'रन फॉर यूनिटी' सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए शासन स्तर से सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

उत्तराखंड शासन के सचिव राजेन्द्र कुमार ने सभी प्रमुख सचिवों, सचिवों, पुलिस महानिदेशक, मंडलायुक्तों, विभागाध्यक्षों, जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों/पुलिस अधीक्षकों को पत्र जारी कर निर्धारित कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
पत्र के अनुसार, सरदार पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्र की स्वतंत्रता और एकता को संरक्षित एवं सुदृढ़ करने तथा समर्पण की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से अक्टूबर 2025 से अक्टूबर 2026 तक राज्य के सभी जनपदों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 31 अक्टूबर को एकता दिवस की शपथ, मार्च पास्ट और रन फॉर यूनिटी जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की समाप्ति के बाद जनपद और विभाग स्तर से संकलित रिपोर्ट सचिव, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग तथा सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग को भेजी जाएगी।
*चंपावत में ये होंगे कार्यक्रम*
जिलाधिकारी मनीष कुमार द्वारा जारी रूपरेखा के अनुसार जनपद चंपावत में कार्यक्रम इस प्रकार आयोजित किए जाएंगे: *शपथ ग्रहण:* जनपद के सभी राजकीय कार्यालयों, उपक्रमों और संस्थाओं में कार्यरत कर्मचारियों द्वारा प्रातः 11 बजे शपथ ली जाएगी। *रस्मी परेड:* एकता, अखंडता और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के लिए जनपद मुख्यालय में पुलिस और अन्य वर्दीधारी बलों, सरंचनाओं तथा एजेंसियों द्वारा मार्च पास्ट सहित रस्मी परेड का आयोजन होगा। इसमें एसएसबी की 5वीं वाहिनी, आईटीबीपी की 36वीं वाहिनी (लोहाघाट) और एनसीसी भी शामिल रहेंगे।
*रन फॉर यूनिटी और नशा मुक्ति दौड़:* जिला मुख्यालय में समाज के सभी वर्गों को सम्मिलित करते हुए 'एकता के लिए दौड़' (Run for Unity) के साथ-साथ राज्य में नशा मुक्ति के लिए 'रन अगेंस्ट ड्रग्स' का भी आयोजन किया जाएगा।
*राष्ट्रीय एकता दिवस शपथ*
कार्यक्रम के दौरान सभी कर्मचारियों और प्रतिभागियों को निम्नलिखित शपथ दिलाई जाएगी: "मैं सत्यनिष्ठा से शपथ लेता हूँ कि मैं राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करूंगा और अपने देशवासियों के बीच यह संदेश फैलाने का भी भरसक प्रयत्न करूंगा। मैं यह शपथ अपने देश की एकता की भावना से ले रहा हूँ जिसे सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता एवं कार्यों द्वारा संभव बनाया जा सका। मैं अपने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपना योगदान करने का भी सत्यनिष्ठा से संकल्प करता हूँ।"


Click it and Unblock the Notifications
