उत्तराखंड सरकार ने LED बनाने वाली महिलाओं को दी 50-50 हजार की मदद, 5 लाख तक की खरीद में मिलेगी प्राथमिकता
देहरादून। राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को अपने आवास पर सौर स्वरोजगार योजना के अन्तर्गत जनपद उत्तरकाशी के 11 उद्यमियों को "परियोजना आवंटन पत्र" वितरित किए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने LED ग्राम लाईट योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को "एनर्जी वॉरियर्स" के रूप में सम्मानित किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने "ऊर्जा दक्ष ग्राम" के प्रधानों को भी प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया।

माताओं-बहनों के बोझ को हल्का करना होगा- त्रिवेंद्र सिंह रावत
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी स्वयं सहायता समूहों को ऊर्जा संरक्षण दिवस की बधाई दी। सीएम ने कहा कि हमारा अगला लक्ष्य माताओं-बहनों के सिर से घास और लकड़ी का बोझा उतारना है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को भी इस दिशा में विचार कर योजनाएं तैयार करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री इस दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में उपस्थित ग्राम प्रधानों एवं स्वयं सहायता समूहों से इस सम्बन्ध में अपने सुझाव देने का अनुरोध किया।
सीएम ने की 50 हजार की मदद की घोषणा
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने LED लाइट निर्माण में लगे सभी स्वयं सहायता समूहों के लिए 50-50 हजार के रिवॉल्विंग फंड की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों से बात भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का स्वरोजगार से जुड़ना उनके आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ा रहा है।
5 लाख तक की खरीद पर सरकार देगी प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रोथ सेंटर स्वरोजगार के क्षेत्र में महत्त्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। रेडीमेड गारमेंट्स के क्षेत्र में भी ग्रोथ सेंटर्स की अपार संभावनाएं हैं। स्कूल ड्रेस, डॉक्टर्स-नर्स आदि के लिए ड्रैस तैयार करने पर फोकस किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड कैबिनेट ने अभी निर्णय लिया है कि जिलाधिकारी स्तर पर 5 लाख तक की खरीद में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को प्राथमिकता दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications