उत्तराखंड में भाजपा के मुख्यालय के निर्माण के लिए सरकार ने बदल दिए नियम, बनेगी भव्य बिल्डिंग
नई दिल्ली, 15 जुलाई। उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय के निर्माण को लेकर नया विवाद सामने आया है। दरअसल यहां भाजपा सरकार ने उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है जिसमे विकास प्राधिकरण घरेलू निर्माण के लिए दी गई जमीन पर राजनीतिक दलों के दफ्तर का निर्माण कर सकते हैं। प्रदेश सरकार के इस फैसले के बाद भाजपा के मुख्यालय के निर्माण का रास्ता साफ हो गया। इस मामले के सामने आने के बाद विपक्ष सरकार पर निशाना साध रहा है।

देहरादून मास्टर प्लान 2025 के अनुसार स्थानीय निकाय की ऑफिस बिल्डिंग, प्रदेश या राज्य सरकार और प्राइवेट कंपनी की बिल्डिंग का निर्माण इस इलाके में तभी हो सकता है जब विकास प्राधिकरण इसकी अनुमति दे, यह जमीन रिहायशी निर्माण के लिए चुनी गई थी। लेकिन सरकार के नए फैसले के बाद अब यहां उक्त बिल्डिंग के निर्माण की अनुमति होगी। प्रदेश सरकार के प्रवक्ता और कृषि मंत्री सुबोध उनियाल से इस बाबत पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अब इस श्रेणी में सभी राष्ट्रीय पार्टियों को शामिल किया गया है। अगर कोई भी राष्ट्रीय पार्टी भविष्य में निर्माण कार्य करना चाहती है तो उसे इसकी अनुमति होगी।
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड में देहरादून के रिंग रोड स्थित लाडपुर में 12320 स्क्वॉयर मीटर की जमीन पर पार्टी का मुख्यालय बनाने जा रही है। इस बिल्डिंग में 44 कमरे होंगे, चार हॉल होंगे, जबकि एक डिजिटल लाइब्रेरी होगी। यहां एक साथ 500 लोग बैठ सकते हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा यहां पार्टी के मुख्यालय के निर्माण से पहले भूमि पूजन में 17 अक्टूबर 2020 को हिस्सा लिया था, हालांकि अभी तक जमीन को लेकर पूर्व नियम की वजह से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के वाइस चेयरपर्सन ने 22 जनवरी, 2021 को इस बाबत अपनी रिपोर्ट पेश कर दी है, जिसमे उन्होंने कहा था कि भाजपा का मुख्यालय जहां बनने के लिए प्रस्तावित है वह जमीन रिहायशी इलाके में आती है, साथ ही उन्होंने नियमों में ढिलाई देने का सुझाव दिया था जिससे कि निर्माण कार्य हो सके। इस रिपोर्ट पर बुधवार को कैबिनेट की बैठक में चर्चा की गई थी। बता दें कि देहरादून में भाजपा का वर्तमान मुख्यालय बलबीर रोड पर स्थित है जोकि काफी छोटा है और यहां रहने वाले लोगों को उस वक्त काफी दिक्कत होती है जब पार्टी के नेता यहां आते हैं या जब कोई पार्टी कार्यक्रम व बैठक होती है।












Click it and Unblock the Notifications