उत्तराखंड चुनाव 2022 को लेकर एबीपी-सीवोटर का सर्वे, जानिए किसकी बनेगी सरकार
उत्तराखंड चुनाव 2022 को लेकर एबीपी-सीवोटर का सर्वे, जानिए किसकी बनेगी सरकार
नई दिल्ली, 3 सितंबर: उत्तराखंड में अगले साल के शुरू में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर एबीपी न्यूज और सी वोटर ने सर्वे किया है। एबीपी न्यूज-सी वोटर के सर्वे के मुताबिक राज्य की सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी अगले साल एक बार फिर जीत हासिल कर सकती हैं। वहीं कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल होगी। सर्वे के मुताबिक, कुल 70 विधानसभा सीटों वाले उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी, बसपा और दूसरी पार्टियां कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ सकेंगी।

किसको मिलेंगी कितनी सीटें
एबीपी और सी वोटर ने उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर 15 हजार 850 लोगों से बातचीत के आधार पर इस सर्वे को तैयार किया है। सर्वे के मुताबिक, उत्तराखंड में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी को 2022 के विधानसभा चुनाव में 44 से 48 सीटों पर जीत के साथ पूर्ण बहुमत मिल जाएगा। कांग्रेस को 19-23 सीटें मिलेंगी। आम आदमी पार्टी को शून्य से 4 और अन्य को 0-2 सीटें मिलेंगी। वोट शेयर की बात की जाए तो बीजेपी को 43 फीसदी वोट मिलेंगे। कांग्रेस को 32.6 फीसदी आप को 14.6 फीसदी और अन्य को 9.7 फीसदी मत हासिल होंगे।

सीएम के लिए हरीश रावत जनता की पसंद
सर्वे के मुताबिक, उत्तराखंड में सीएम पद के उम्मीदवार के तौर पर 30 फीसदी लोग कांग्रेस के हरीश रावत को मुख्यमंत्री चाहते हैं। 23 फीसदी लोग मौजूदा सीएम पुष्कर सिंह धामी को पसंद कर रहे हैं। अनिल बलूनी को 19 फीसदी, आप के कर्नल कोठियाल को 10 फीसदी, सतपाल महाराज को 4 फीसदी और 14 फीसदी लोग नए चेहरा चाहते हैं।

2017 में कैसा रहा था इलेक्शन रिजल्ट
उत्तराखंड में 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 33.5 फीसदी वोट शेयर हासिल हुआ था और बीजेपी ने 46.5 फीसदी वोट मिले थे। 46 फीसदी से ज्यादा वोट लेकर भारतीय जनता पार्टी ने 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में सरकार बनाई थी। इस चुनाव में भाजपा को राज्य की 70 विधानसभा सीटों में से 57 सीटों पर जीत मिली थी और कांग्रेस 11 सीटों पर सिमट गई थी।












Click it and Unblock the Notifications