हर समय कमरे में हीटर जलाए रखते हैं तो संभल जाइए, सेहत को हो सकते हैं ये नुकसान
नई दिल्ली, 23 दिसंबर: राजधानी दिल्ली समेत देश के बड़े हिस्से में इस समय कड़ाके की ठड़ पड़ रही है। ऐसे में ठंड से बचने के लिए कई तरह के तरीके लोग अपना रहे हैं। सर्दी से बचने के लिए सबसे ज्यादा आसान तरीका हीटर है। सर्दियों में रूम हीटर का इस्तेमाल खूब हो रहा है लेकिन क्या आपको पता है कि हीटर का ज्यादा इस्तेमाल सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है।

बाजार में कई तरह के हीटर
इन दिनों बाजार में कई तरह के हीटर मिल रहे हैं। इसमें आयरन रॉड वाले हीटर या फिर गर्म हवा फेंकने वाले ब्लोअर का इस्तेमाल सबसे ज्यादा हो रहा है। हीटर कमरे या दफ्तर के केबिन को गर्म रखता है। जिससे हमें ठंड से राहत मिलती है। अगर आप अपनी कार्यस्थल और घर, दोनों जगह हीटर का इस्तेमाल कर रहे हैं तो इसकी वजह से सेहत को कई नुकसान हो सकते हैं।

सेहत को क्या नुकसान
हीटर हवा की नमी सोखकर उसे ड्राई बनाता है, साथ ही रूम हीटर हवा से ऑक्सीजन को भी कम करता है। जिसका सीधे तौर पर हमारी सेहत का नुकसान होता है। इसके साथ-साथ इन हीटर से निकलने वाले केमिकल भी सांस के जरिए शरीर के अंदर जाते हैं तो शरीर के अंदर के हिस्सों को नुकसान पहुंचाते हैं। खासतौर से सांस और फेफड़े के मरीजों को इससे दूरी रखनी चाहिए। साइनस के मरीजों को भी इससे एलर्जी हो सकती है। हीटर के लगातार इस्तेमाल से आक्सीजन लेवल कम हो जाता है ऐसे में सुस्ती और सिरदर्द जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं।

आंखों और स्किन को भी नुकसान
हीटर का ज्यादा इस्तेमाल आंखों को नुकसान करता है। दरअसल आंखों की बेतहर सेहत के लिए नमी बहुत जरूरी है। ज्यादा हीटर चलने से कमरे में नमी खत्म हो जाती है, जिससे आंखे भी सूखी हो जाती हैं। इससे आंखों जलन और भारीपन की समस्या हो सकती है। इसके साथ-साथ हवा से नमी गायब होने से स्किन भी रूखी हो जाती है। जाहिर है कि इससे स्किन की नमी भी गायब होने लगती है। लगातार हीटर में रहने से त्वचा बेजान हो जाती है।

क्या एहतियात करनी चाहिए
अगर आप हीटर का इस्तेमाल कर रहे हैं तो कोशिश करें कि ये ज्यादा ना चले। खासतौर से रात में हीटर चलाने की बजाय भारी कंबल का इस्तेमाल करने को प्राथमिकता दें। हीटर के पास किसी बर्तन में पानी भरकर रख देने से हवा में नमी बनाए रखने में मदद मिलेगी तो ऐसा कर सकते हैं। इसके अलावा पानी खूब पिएं और स्किन के लिए अच्छे मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करें। अगर आपको अस्थमा या हार्ट संबंधी समस्या है तो कोशिश करें कि हीटर की बजाय कोई और तरीका सर्दी से बचने को चुनें।












Click it and Unblock the Notifications