जम्मू कश्मीर पर अमेरिका ने सुधारी अपनी एक बड़ी भूल, भारत प्रशासित कश्मीर शब्द को लिया वापस
नई दिल्ली। अमेरिका ने जम्मू कश्मीर को लेकर अपनी एक बड़ी भूल को सुधार लिया है। अमेरिका ने जम्मू कश्मीर को, भारतीय प्रशासित कश्मीर कहकर संबोधित किया था। विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने इस बात की जानकारी संसद को दी है कि अमेरिका ने अब उस शब्द को वापस ले लिया है।

वीके सिंह ने किया सरकार का बचाव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जून में हुई अमेरिकी यात्रा से पहले जब हिजबुल मुजाहिद्दीन के मुखिया सैयद सलाउद्दीन को ग्लोबल टेररिस्ट घोषित किया था, तो उस समय अमेरिका ने जम्मू कश्मीर को भारत प्रशासित कश्मीर कहकर संबोधित किया था। इसके बाद विपक्ष की ओर से सरकार पर काफी तीखा हमला बोला गया था। वीके सिंह की मानें जो सरकार की ओर से इस बात को लेकर विरोध दर्ज कराया गया था। अमेरिका को यह बात भी साफ कर दी गई थी कि पूरा जम्मू कश्मीर राज्य भारत का आतंरिक हिस्सा है। वीके सिंह के मुताबिक मंत्रालय की ओर से इस मामले को गंभीरता से लिया गया और फिर अमेरिका के सामने इस मुद्दे को उठाया गया। अमेरिका ने भारत की बात मानते हुए उसके तर्क को मान लिया और फिर जम्मू कश्मीर, भारत प्रशासित कश्मीर कहने वाली अपनी भूल को सुधार लिया।
क्या कहा था अमेरिका ने
26 जून को अमेरिका के विदेश विभाग की ओर से सैयद सलाउद्दीन पर जो मीडिया नोट जारी हुआ था, उसमें कुछ इस तरह से लिखा था, 'हिजबुल मुजाहिद्दीन आतंकी संगठन का नेता एक ग्लोबल टेररिस्ट है। हिजबुल कई आतंकी हमलों का जिम्मेदार है जिसमें अप्रैल 2014 में भारत प्रशासित कश्मीर में हुए धमाके भी शामिल हैं जिसकी वजह से 17 लोग घायल हुए थे।' अमेरिका ने जब जम्मू कश्मीर को भारत प्रशासित कश्मीर कहकर संबोधित किया था, तो काफी विवाद हुआ था। इस बाबत जब विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गोपाल बागले से सवाल किया गया तो उन्होंने जो जवाब दिया उससे लगा कि सरकार इस मुद्दे पर अमेरिका का बचाव कर रही है। बागले ने कहा था, 'भारत प्रशासित कश्मीर' इस शब्द का प्रयोग उस समय भी अमेरिका ने किया है जब कांग्रेस सत्ता में थी। बागले के बयान की विपक्ष ने काफी निंदा की थी।












Click it and Unblock the Notifications