UPSC Topper 2023: 'सपने सच होते हैं', टॉपर आदित्य श्रीवास्तव की रंग लाई कड़ी मेहनत
UPSC Final Results 2023: संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने आज यानी मंगलवार को सिविल सेवा परीक्षा 2023 का परिणाम घोषित कर दिया। जिसमें इसबार लड़कों ने परचम लहराया। लखनऊ के आदित्य श्रीवास्तव पहली रैंक हासिल कर टॉपर बने। आदित्य पहले से आईपीएस ऑफिसर हैं। पश्चिम बंगाल में आईपीएस अधिकारी के तौर पर ट्रेनिंग ले रहे हैं।
आदित्य ने सोशल मीडिया एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपने परिणाम का स्क्रीनशॉट साझा कर खुशी जाहिर की। साथ ही लिखा कि एक दिन सालों का संघर्ष, बहुत खूबसूरत तरीके से तुमसे टकरायेगा..!! इसके बाद एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि सपने सच होते हैं।

आगे कहा कि इस यात्रा में मैं उन सभी लोगों के प्रति कृतज्ञता से भरी हुई आजीवन याद रखूंगा, जो पूरे समय मेरे साथ खड़े रहे। वहीं, उनके पोस्ट पर कई लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके प्रयासों की सराहना की।
मिलिए यूपीएससी टॉपर आदित्य से
लखनऊ के रहने वाले और यूपीएससी टॉपर आदित्य श्रीवास्तव फिलहाल पश्चिम बंगाल में आईपीएस अधिकारी के तौर पर ट्रेनिंग ले रहे हैं। उनके पिता, अजय श्रीवास्तव, केंद्रीय लेखा परीक्षा विभाग में एएओ के रूप में काम करते हैं। जहां उनकी छोटी बहन नई दिल्ली में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही है। वहीं, आदित्य की मां आभा श्रीवास्तव एक गृहिणी हैं। आदित्य ने अपना बचपन लखनऊ के मवैया इलाके में बिताया और अपनी प्रारंभिक शिक्षा सीएमएस अलीगंज में प्राप्त की। 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद, आदित्य ने आईआईटी कानपुर से बीटेक किया। निजी कंपनियों में एक संक्षिप्त कार्यकाल के बाद, उन्होंने आईपीएस और उसके बाद आईएएस परीक्षा उत्तीर्ण की।
टॉप 5 में ये रहे शामिल
वहीं, सिविल सेवा परीक्षा 2023 के रिजल्ट में टॉप 5 में पहले नंबर पर आदित्य श्रीवास्तव, दूसरे नंबर पर अनिमेष प्रधान और तीसरे नंबर पर दोनुरु अनन्या रेड्डी रहे। वहीं, चौथे नंबर पर पीके सिद्धार्थ रामकुमार ने कब्जा जमाया है, जबकि 5वें नंबर पर रूहानी रहीं। खास बात यह है कि इनमें से 3 पहले से आईपीएस हैं। जिसमें आदित्य श्रीवास्तव, अनिमेष प्रधान और रूहानी का नाम शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications