आयकर विभाग के छापे पर लोकसभा में भी मचा हंगामा, कांग्रेस ने कहा- विधायकों को डरा, धमका रहे हैं
नई दिल्ली। कर्नाटक स्थित बेंगलुरु के रिसॉर्ट में आयकर विभाग की ओर से की गई छापेमारी के चलते बुधवार को संसद के दोनों सदन हंगामेदार रहे। लोकसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने यह मामला उठाया। उन्होंने कहा कि हमारे विधायकों को आयकर विभाग के अधिकारियों को भेज कर डराया धमकाया जा रहा है। मल्लिकार्जुन ने कहा कि एक राज्यसभा प्रत्याशी को हराने के लिए यह सब किया जा रहा है लेकिन वो सफल नहीं होंगे। जिसके जवाब में लोकसभा में वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि इस छापे को गुजरात के चुनाव से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट रूप से आर्थिक भ्रष्टाचार है।

अशोक गहलोत बोले...
इस दौरान सदन में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी मौजूद थीं। इसी मसले पर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक कुमार गहलोत ने कहा कि वो लोकतंत्र की हत्या करना चाहते हैं। हमारे विधायकों को धमकी दी जा रही है, पैसे दिए जा रहे हैं, छापे मारे जा रहे हैं, जो गलत है।
बता दें कि बुधवार सुबह 7 बजे से ही कर्नाटक के उर्जा मंत्री शिवकुमार, उनके भाई सुरेश और उनके करीबी बालाजी के ठिकानों पर आयकर विभाग ने छापेमारी की। इस छापेमारी के दौरान इग्लेटन गोल्फ रिसॉर्ट पर भी छापा मारा गया। कांग्रेस का आरोप है कि वहां मौजूद गुजरात इकाई के विधायकों को डराने धमकाने के लिए ऐसा किया गया।












Click it and Unblock the Notifications