उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सख्त, अमर्यादित टिप्पणियों पर रोक के निर्देश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भर्ती बोर्डों को परीक्षा पत्रों में आपत्तिजनक टिप्पणियों को रोकने और मूल्यांकनकर्ताओं के लिए स्पष्ट दिशानिर्देश जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने आदतन अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। अलग से, सीएम ने पश्चिमी यूपी में फसल क्षति का तेजी से मूल्यांकन करने और किसानों को समय पर मुआवजा सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा में प्रश्न पत्र से जुड़े मामले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने सभी भर्ती बोर्ड के अध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी व्यक्ति, जाति, पंथ या संप्रदाय की आस्था और मर्यादा के विषय में किसी प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रश्न पत्र तैयार करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि किसी की धार्मिक या सामाजिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे। उन्होंने सभी भर्ती बोर्ड को निर्देश दिया कि इस विषय में तत्काल संज्ञान लेते हुए सभी प्रश्न पत्र तैयार करने वालों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ऐसे मामलों में आदतन गलती करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें तुरंत प्रतिबंधित किया जाए। साथ ही यह प्रावधान प्रश्न पत्र तैयार करने वालों के साथ होने वाले समझौते का भी हिस्सा बनाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इसी दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुई वर्षा के कारण किसानों की फसलों को संभावित नुकसान की भी जानकारी ली। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे स्वयं क्षेत्र में जाकर किसानों से संवाद करें और फसलों को हुए नुकसान का तत्काल आकलन सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने राहत आयुक्त को भी निर्देश दिया कि वे क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ सीधे समन्वय बनाए रखें और फसलों को हुई क्षति का आकलन समय पर प्राप्त करें। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को निर्धारित समय के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके।











Click it and Unblock the Notifications