समय रैना के गुगली सवाल पर UP पुलिस कांस्टेबल का 'स्मार्ट' जवाब, BJP नेता हुए मुरीद, तारीफ में क्या कहा?
Kapil Dinkar: पुलिस की नौकरी को लोग अक्सर सख्त ड्यूटी, कानून व्यवस्था और जिम्मेदारियों से जोड़कर देखते हैं। लेकिन उत्तर प्रदेश पुलिस के एक कांस्टेबल ने अपनी अलग पहचान बनाकर सभी को हैरान कर दिया। India's Got Latent Season 2 के नए एपिसोड में यूपी पुलिस के कांस्टेबल कपिल दिनकर ने मंच पर ऐसा प्रदर्शन किया कि जजों से लेकर दर्शकों तक हर कोई उनका फैन बन गया।
उन्होंने अपनी खुद की लिखी और गाई हुई प्रस्तुति से माहौल बांध दिया। वहीं बीच-बीच में किए गए मजेदार पंच ने पूरे शो में हंसी का माहौल बना दिया। इतना ही नहीं, शो के दौरान कानून व्यवस्था पर पूछे गए सवाल का उन्होंने आंकड़ों के साथ जवाब दिया, जिसकी सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा हो रही है। उनकी प्रस्तुति को पूरे एपिसोड के सबसे यादगार पलों में गिना जा रहा है।

हर जज ने दिए पूरे 10 अंक
कपिल दिनकर की प्रस्तुति खत्म होने के बाद शो के सभी पैनलिस्ट ने उन्हें पूरे 10-10 अंक दिए। उन्होंने खुद भी अपने लिए 10 अंक दिए, जिससे उनका कुल स्कोर परफेक्ट रहा। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 1 लाख रुपये का नकद इनाम मिला। इसके बाद व्हील ऑफ फॉर्च्यून राउंड में भी उनकी किस्मत चमकी और उन्होंने 50 हजार रुपये की अतिरिक्त पुरस्कार राशि अपने नाम कर ली।
समय रैना के सवाल पर दिया फैक्ट के साथ जवाब
एपिसोड का सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला पल तब आया, जब होस्ट समय रैना ने मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या उत्तर प्रदेश में सच में अपराध कम हो गया है, क्योंकि एक पुलिसकर्मी खुद India's Got Latent के मंच पर पहुंच गया है।
इस सवाल पर कपिल दिनकर मुस्कुराए और कहा, "यूपी में अपराध कम हुआ है। 93 प्रतिशत ऐसे अपराधियों को सजा दिलाई गई है जिन्हें पकड़ा गया था। राज्य में 5,000 से ज्यादा मिशन शक्ति केंद्र बनाए गए हैं और वे प्रभावी तरीके से काम कर रहे हैं।" उनके जवाब के बाद दर्शकों ने जोरदार तालियां बजाईं और यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
A UP Police Constable Come in India got Latent as Contestant 🤯
- Samay Raina try hard to Create Some Crisy Controversial Contnet but mature Police men Speak Politely 🫡 pic.twitter.com/f4ufC3GsmI
— Sumit (@beingsumit01) July 3, 2026
शहजाद पुनावाला ने की खुलकर तारीफ
एपिसोड सामने आने के बाद भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने अपने एक्स अकाउंट पर कपिल दिनकर का वीडियो साझा किया। उन्होंने लिखा कि यूपी पुलिस के कांस्टेबल कपिल दिनकर ने अपनी शानदार गायकी और तेज हास्य से पूरे शो की लाइमलाइट अपने नाम कर ली। उन्होंने आगे कहा कि कपिल ने यह भी बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और राज्य सरकार उनकी रचनात्मक प्रतिभा को पूरा सहयोग देते हैं। साथ ही उन्होंने कानून व्यवस्था में आए बदलाव को आंकड़ों के जरिए समझाया, जिस पर दर्शकों ने जोरदार प्रतिक्रिया दी।
गायकी, कॉमेडी और आत्मविश्वास ने बनाया खास
इस एपिसोड के बाद कई दर्शकों ने कहा कि किसी सेवा में तैनात पुलिस कांस्टेबल को कॉमेडी टैलेंट शो के मंच पर इस आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन करते देखना अपने आप में अलग अनुभव था। कपिल ने अपनी गायकी, हाजिरजवाबी और सहज अंदाज से जजों और दर्शकों, दोनों का दिल जीत लिया।
कौन हैं कपिल दिनकर?
शो में अपनी दमदार प्रस्तुति से चर्चा में आए कपिल दिनकर उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि साल 2021 में उन्होंने पुलिस विभाग जॉइन किया था। नौकरी की जिम्मेदारियों के बीच भी उन्होंने संगीत से अपना रिश्ता नहीं टूटने दिया। कपिल ने कहा कि उन्हें बचपन से गाने और म्यूजिक बनाने का शौक है। यही वजह है कि ड्यूटी के बाद मिलने वाले समय में वह अपनी गायकी और कंपोजिंग पर काम करते हैं।
कपिल के मुताबिक, उनकी ज्यादातर ड्यूटी रात में रहती है, जबकि दिन के समय वह रियाज करते हैं और नए गानों पर काम करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनके वरिष्ठ अधिकारी उनकी इस प्रतिभा को पूरा सहयोग देते हैं। कपिल का मानना है कि संगीत उनके लिए सिर्फ मनोरंजन का जरिया नहीं, बल्कि मानसिक सुकून और खुद को बेहतर बनाए रखने का माध्यम भी है।
नए सीजन के कई वीडियो हो रहे वायरल
समय रैना के होस्ट किए जा रहे India's Got Latent Season 2 में इस बार भी अलग-अलग तरह की प्रतिभाएं देखने को मिल रही हैं। नेटफ्लिक्स और यूट्यूब पर प्रसारित हो रहे इस नए सीजन के कई वीडियो पहले ही सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। सेलिब्रिटी पैनल और अनोखे प्रतियोगियों की वजह से शो लगातार चर्चा में बना हुआ है, जबकि कपिल दिनकर की प्रस्तुति को अब तक के सबसे यादगार एक्ट में शामिल किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications