अखिलेश की राह का रोड़ा बना कोहरा, नहीं पहुंचें गुजरात
नयी दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का गांधीनगर जाने का कार्यक्रम शुक्रवार को छाये घने कोहरे की वजह से रद्द हो गया। अखिलेश वहां प्रवासी भारतीय सम्मेलन में हिस्सा लेने जाने वाले थे। मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट करके यह जानकारी दी कि उप्र में घने कोहरे के चलते मुख्यमंत्री प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन के कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। वह उप्र के विकास में एनआरआई समुदाय के सहयोग के लिए आशावान हैं।

ज्ञात हो कि अखिलेश को गांधीनगर में प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन के उप्र सत्र में एनआरआई को संबोधित करना था। अपने ट्वीट में उन्होंने कहा कि एनआरआई समुदाय ने अपनी कड़ी मेहनत से न केवल अपना कैरियर बनाया और प्रतिष्ठा पाई, बल्कि अपनी मातृभूमि को भी गौरवान्वित किया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि एनआरआई खासतौर पर उप्र सरकार के साथ काम करके इसे समृद्घ बनाएंगे।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री गुरुवार रात सैफई महोत्सव के समापन समारोह में मौजूद थे। शुक्रवार की सुबह उन्हें वहीं से अहमदाबाद के लिए रवाना होना था। सम्मेलन में उप्र के सत्र के लिए दोपहर के 12.30 बजे का समय निर्धारित किया गया था। उप्र के प्रमुख सचिव (सूचना) नवनीत सहगल ने गांधीनगर से इस बात की पुष्टि की कि मुख्यमंत्री का विमान दृश्यता सही नहीं होने की वजह से उड़ान नहीं भर पाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications