उन्नाव रेप केस के आरोपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को बीजेपी ने किया सस्पेंड
नई दिल्ली। उन्नाव रेप मामले में आरोपी बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को पार्टी ने सस्पेंड कर दिया है। रेप केस के आरोपों में घिरे कुलदीप सिंह सेंगर को लेकर पार्टी की काफी फजीहत हो रही थी और राजनीतिक दलों की तरफ से भी दबाव बनाया जा रहा था। पुलिस ने रेप पीड़िता के एक्सिडेंट के मामले में भी सेंगर के खिलाफ केस दर्ज किया है। कुलदीप सेंगर पीड़िता से रेप के मामले में जेल में बंद हैं।

बीजेपी ने कुलदीप सिंह सेंगर को किया पार्टी से सस्पेंड
पीड़िता ने साल 2017 में बांगरमऊ से भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर बलात्कार का आरोप लगाया था। पीड़िता के सीएम योगी आदित्यनाथ के आवास के बाहर आत्मदाह की कोशिश के बाद यह मामला प्रकाश में आया था, जिसके बाद बीजेपी विधायक को गिरफ्तार किया गया था। पीड़िता और उसके परिवार के साथ रविवार को हुए सड़क हादसे में भी सेंगर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।

सेंगर का निलंबन जारी रहेगा- स्वतंत्र देव सिंह
यूपी के बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कुलदीप सिंह सेंगर को पहले भी पार्टी से निलंबित किया गया था और उनका निलंबन जारी रहेगा। कानून अपना काम करेगा, इस मामले की जांच सीबीआई के हाथों में है। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार पीड़िता के परिवार के साथ है। उन्होंने विपक्ष को निशाने पर लेते हुए कहा कि उनके पास कोई मुद्दा नहीं है इसलिए इस मामले पर राजनीति कर रहे हैं। यूपी बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि इस मामले को लेकर बीजेपी बेहद संवेदनशील है।

रेप केस में जेल में बंद हैं विधायक
रविवार को उन्नाव रेप केस की पीड़िता अपने परिवार और वकील के साथ रविवार को रायबरेली जेल में बंद अपने चाचा से मिलने जा रही थी। रास्ते में उसकी कार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पीड़िता की चाची और मौसी की मौत हो गई, जबकि पीड़िता और वकील की हालत गंभीर बनी हुई है। इस मामले के सामने आने के बाद विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के खिलाफ कार्रवाई करने को लेकर दबाव बनाया जा रहा था। पीड़िता के परिवार ने कुलदीप सिंह सेंगर पर एक्सिडेंट करवाने का आरोप लगाया था।












Click it and Unblock the Notifications