केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने तूतीकोरिन इंटरनेशनल कंटेनर टर्मिनल का किया उद्घाटन, जानिए क्या बोले
केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोमवार को तूतीकोरिन इंटरनेशनल कंटेनर टर्मिनल का उद्घाटन किया। जो निर्यातकों को सीधी मुख्य लाइन कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो संदेश के माध्यम से टर्मिनल को भारत के समुद्री बुनियादी ढांचे के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
टर्मिनल की विशेषताओं में 14 मीटर से अधिक गहरे ड्राफ्ट और 300 मीटर से अधिक लंबे बर्थ शामिल हैं। जो VOC पोर्ट की क्षमता को बढ़ाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस टर्मिनल से लॉजिस्टिक्स लागत में कमी आएगी और विदेशी मुद्रा की बचत होगी। उन्होंने दो साल पहले VOC पोर्ट से संबंधित अपनी यात्रा का भी जिक्र किया।

TICT की एक बड़ी उपलब्धि लिंग विविधता के प्रति इसकी प्रतिबद्धता है। जहां 40 प्रतिशत कर्मचारी महिलाएं हैं। जो समुद्री क्षेत्र में महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास का प्रतीक है। बंदरगाह अधिकारियों के अनुसार TICT से प्रति वर्ष चार मिलियन डॉलर की विदेशी मुद्रा की बचत होगी और प्रति कंटेनर लगभग 200 डॉलर की लॉजिस्टिक्स लागत कम होगी।
टर्मिनल से 1,200 से अधिक रोजगार सृजित होने और VOC पोर्ट की क्षमता में छह लाख TEUs की वार्षिक वृद्धि होने की संभावना है। प्रधानमंत्री मोदी ने तमिलनाडु के तटरेखा की भूमिका को आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण बताया और राज्य को समुद्री व्यापार का एक प्रमुख केंद्र बताया।
बंदरगाह-नेतृत्वित विकास को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार 7 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश से एक बाहरी बंदरगाह कंटेनर टर्मिनल विकसित करने की योजना बना रही है। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि यह गतिशीलता भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने में मदद करेगी। जिसमें तमिलनाडु की अहम भूमिका होगी।
केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने इस अवसर पर बंदरगाह-नेतृत्वित विकास और कनेक्टिविटी की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि नई सरकार के 100 दिनों के भीतर यह टर्मिनल समय से पहले पूरा कर लिया गया। जो 434.17 करोड़ रुपए की लागत से विकसित हुआ है और सार्वजनिक-निजी भागीदारी का एक बेहतरीन उदाहरण है।
मंत्री सोनोवाल ने तूतीकोरिन से पहला कंटेनर जहाज रवाना किया और VOC पोर्ट को हरित ऊर्जा केंद्र बनाने के उद्देश्य से एक हरित हाइड्रोजन प्रदर्शन परियोजना की आधारशिला रखी। इसके साथ ही 485.67 करोड़ रुपए की लागत से एक 400 KV की रूफटॉप सोलर परियोजना का भी उद्घाटन किया गया।
इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर, मंत्रालय के सचिव टी के रामचंद्रन, वीओसी चिदंबरनार पोर्ट अथॉरिटी के अध्यक्ष सुसंत कुमार पुरोहित और डीएमके सांसद कनिमोझी ने भी विचार व्यक्त किए।












Click it and Unblock the Notifications