Bengaluru: गिरफ्तार हुए केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के भाई गोपाल जोशी, जानिए किस आरोप में पुलिस ने पकड़ा
Bengaluru News: केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के भाई गोपाल जोशी को शनिवार 19 अक्टूबर को बेंगलुरु पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गोपाल जोशी की गिरफ्तारी की खबर सामने आने के तुरंत बाद केंद्रीय मंत्री प्रह्ललाद जोशी के स्पष्टीकरण जारी किया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि हम दोनों पिछले 30 साल से अलग रह रहे है और हमारे बीच में कोई संबंध नहीं हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्व जेडीएस विधायक देवानंद चौहान की पत्नी सुनीता चौहान ने उनके (गोपाल जोशी) खिलाफ धोखाधड़ी और एससी/एसटी एक्ट के तहत शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने दावा किया कि गोपाल जोशी ने 2 करोड़ रुपये के बदले उनके पति को चुनाव टिकट दिलाने का वादा किया था, लेकिन न तो टिकट दिया और न ही पैसे लौटाए।

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने एफआईआर के खुलासे के बाद अपने भाई से दूरी बना ली। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उनका गोपाल से तीन दशकों से कोई संपर्क नहीं है। प्रह्लाद ने एक हलफनामा भी दायर किया और जिसमें कहा गया कि उनके रिश्तेदार या दोस्त होने का दावा करने वाले व्यक्तियों द्वारा किए गए किसी भी वित्तीय लेन-देन की जिम्मेदारी उनकी नहीं है।
क्या है पूरा मामला?
18 अक्टूबर को बसवेश्वरनगर पुलिस ने गोपाल जोशी और विजयलक्ष्मी जोशी के खिलाफ मामला दर्ज किया। सुनीता चौहान ने आरोप लगाया कि गोपाल ने मई में होने वाले लोकसभा चुनाव में उनके परिवार को भाजपा का टिकट दिलाने का भरोसा दिया। वह मार्च में हुबली स्थित उनके आवास पर उनसे मिलीं और बाद में गोपाल के निर्देशानुसार बसवेश्वरनगर में विजयलक्ष्मी के घर पर 25 लाख रुपए सौंपे।
विजयलक्ष्मी को सुनीता से प्रह्लाद जोशी की बहन के रूप में मिलवाया गया था, जिसका केंद्रीय मंत्री ने खंडन करते हुए कहा कि उनकी कोई बहन नहीं है और केवल चार भाई हैं, जिनमें से एक की 1984 में सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। पुलिस ने इन आरोपों के आधार पर कार्रवाई की और गोपाल जोशी को गिरफ्तार कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications