केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी होंगे उत्तर प्रदेश से BJP के राज्यसभा सदस्य
दिल्ली की तीन, सिक्किम के एक सीट के साथ उत्तर प्रदेश की भी इस एक सीट के लिए मतदान होगा
नई दिल्ली। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी यूपी से राज्यसभा सीट के बीजेपी के उम्मीदवार होंगे। ये सीट पू्र्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। मनोहर पर्रिकर ने गोवा का मुख्यमंत्री बनने के बाद उत्तर प्रदेश की राज्यसभा सीट से इस्तीफा दे दिया था। राज्यसभा से उनके इस्तीफे के साथ ही यह सीट खाली हो गई थी।16 जनवरी को राज्यसभा के सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान होना है।

दिल्ली की तीन, सिक्किम के एक सीट के साथ उत्तर प्रदेश की भी इस एक सीट के लिए मतदान होगा। यूपी की इस राज्यसभासीट पर बीजेपी का जीतना शत प्रतिशत निश्चित है। बावजूद इसके इस सीट के लिए कोई दावेदारी या पैरवी नहीं कर रहा था्। वजह यह है कि इस सीट का कार्यकाल 25 नवंबर 2020 तक है और आधा से भी कम कार्यकाल शेष बचा है। दिल्ली से राज्यसभा की तीन सीटों पर कांग्रेस के जनार्दन द्विवेदी, डा. कर्ण सिंह और परवेज हाशमी सांसद हैं। इनका कार्यकाल अगले साल जनवरी में खत्म हो रहा है। इन सीटों पर आप के तीनों उम्मीदवारों की जीत तय है।
उत्तर प्रदेश में अप्रैल में 10 सीटों के लिये मतदान होगा, इसमें बसपा सुप्रीमो मायावती के इस्तीफे से खाली सीट भी शामिल है। यूपी से जिन नौ सीटों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है उसमें सपा सांसदों की संख्या 6 है। इनमें जया बच्चन, नरेश अग्रवाल, किरणमय नंदा, चौधरी मुनव्वर सलीम भी शामिल हैं। सपा की संख्या बल इतनी नहीं है कि वो एक से ज्यादा सदस्य को राज्यसभा भेज सके इसलिए इन लोगों की सांसदी पर तलवार लटक रही है। इसके अलावा यूपी से कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रमोद तिवारी का चुनकर राज्यसभा पहुंचना भी मुश्किल है। दूसरी तरफ बीजेपी के आठ सांसदों की जीत निश्चित है, बीजेपी आठ अतिरिक्त विधायकों का समर्थन जुगाड़ ले तो नौवीं सीट भी जीत सकती है।












Click it and Unblock the Notifications