केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार का बेंगलुरू में निधन, नेशनल कॉलेज में रखा जाएगा पार्थिव शरीर
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार का आज बेंगलुरू में निधन हो गया है। वह काफी दिनों से कैंसर से जूझ रहे थे। कुछ ही दिन पहले वह लंदन से इलाज कराकर वापस लौटे थे, लेकिन आज सुबह उनका निधन हो गया। अनंत कुमार के शव को बेंगलुरू के नेशनल कॉलेज में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। अनंत कुमार के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जाहिर किया है। उन्होंने ट्वीट करके लिखा कि अनंत कुमार कुशल प्रशासक थे, उन्होंने कई अहम मंत्रालय सफलतापूर्व संभाले, वह भारतीय जनता पार्टी के लिए रत्न थे। कर्नाटक और खासकर कि बेंगलूरू में पार्टी को मजबूत करने के लिए उन्होंने काफी मेहनत की थी। वह अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों के लिए हमेशा उपलब्ध रहते थे।

राष्ट्रपति ने जाहिर किया दुखा
अनंत कुमार के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शोक जाहिर किया है। उन्होंने अनंत कुमार के निधन पर शोक जाहिर करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री और दिग्गज सांसद अनंत कुमार के निधन की खबर सुनकर मैं काफी दुखी हूं। यह लोगों के लिए, देश के लिए और मुख्य रूप से कर्नाटक के लिए बड़ी क्षति है। मेरी संवेदना परिवार, साथियों और अनंत समर्थकों के साथ है।
अमित शाह ने जताया दुख
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह अनंत कुमार के निधन पर शोक जाहिर करते हुए कहा कि अनंत कुमार एक अच्छे प्रशासक थे, उन्होंने कई मंत्रालय संभाले, उनके निधन के बाद भाजपा और देश की राजनीति में एक कमी आएगी जिसे कोई पूरा नहीं कर सकता है। भगवान उनके परिवार और समर्थकों को इस दुख की घड़ी में हिम्मद दे। मेरी गहरी संवेदना उनके साथ है।
रक्षामंत्री ने दुख जाहिर किया
रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण ने दुखा जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि अनंत कुमार के निधन की खबर काफी दुख की बात है, उन्होंने भाजपा के लिए हमेशा अपनी सेवा दी, उनके दिल में बेंगलुरू हमेशा बसता था। भगवान उनके परिवार को यह दुख सहन करने की क्षमता दे, इस मुश्किल घड़ी में हम सब उनके साथ हैं।
राहुल गांधी ने जताया दुख
अनंत कुमार के निधन पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी शोक जाहिर किया है। उन्होंने कुमार के निधन पर शोक जाहिर करते हुए कहा कि अनंत कुमार के निधन की खबर सुनकर मैं दुखी हूं, मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे, ओम शांति।
मुख्यमंत्री ने जाहिर किया शोक
कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने अनंत कुमार के निधन पर शोक जाहिर करते हुए कहा कि मैंने एक अच्छा दोस्त खो दिया, वह मूल्यों पर चलने वाले नेता था, जिन्होंने देश में बतौर सांसद और केंद्रीय मंत्री विशेष योगदान दिया। उनकी आत्मा को भगवान शांति दे और उनके परिवार, समर्थकों को इस दुख को सहन करने की हिम्मत दे।
सदानंत गौड़ा बोले, मेरे अच्छे मित्र थे
अनंत कुमार पिछले कुछ दिनों से बीमार थे, जिसके बाद आज उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आते ही हर तरफ शोक की लहर फैल गई। केंद्रीय मंत्री सदानंत गौड़ा ने दुख जाहिर करते हुए ट्वीट किया कि मैं आश्चर्यचकित हूं, भरोसा नहीं कर पा रहा हूं, मेरे मित्र, भाई अनंत कुमार अब नहीं रहे। आपको बता दें कि अनंत कुमार के पास दो अहम मंत्रालय थे, जिसमे रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय दूसरा संसदीय कार्यमंत्री का जिम्मा अहम था।
गृहमंत्री ने जाहिर किया शोक
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी अनंत कुमार के निधन पर दुख जाहिर करते कहा कि मैं इस खबर को सुनकर पूरी तरह से सदमे में हूं, वह कद्दावर सांसद थे, जिन्होंने देश की सेवा अपनी पूरी क्षमता से की। लोगों की सेवा का उनमे जुनून था, मैं उनके परिवार के साथ इस दुख की घड़ी में संवेदना जाहिर करता हूं।
अनंत कुमार को रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय का जिम्मा मई 2014 में दिया गया था, जबकि जुलाई 2016 में उन्हें संसदीय कार्यमंत्री का जिम्मा सौंपा गया था। वर्ष 1996 तक अनंत कुमार बेंगलुरू दक्षिण लोकसभा सीट से सांसद थे। उनका जन्म 22 जुलाई 1959 में बेंगलुरू में हुआ था और उन्होंने केएस आर्ट्स कॉलेज से बीए की पढ़ाई की थी। जिसके बाद उन्होंने एलएलबी की पढ़ाई कर्नाटक विश्वविद्यालय के जेएसएस लॉ कॉलेज से पूरी की थी। अनंत कुमार की दो बेटिंया हैं, जिनका नाम ऐश्वर्या और विजेता है, जबकि उनकी पत्नी का नाम तेजस्विनी है।












Click it and Unblock the Notifications