केंद्रीय गृहमंत्री के ऑपरेशन मेडल की घोषणा, आज इस पुरस्कार से नवाजे गए पुलिस-बलों के 63 वीर सपूत
Union Home Minister's Special Operation Medal-2022:देश के गृह मंत्रालय ने आज आतंकवाद, सीमा पर कार्रवाई, हथियार नियंत्रण, नशीले पदार्थों की तस्करी की रोकथाम और बचाव कार्यों के क्षेत्रों में सुरक्षा बलों द्वारा किए गए 4 विशेष अभियानों के लिए 'केंद्रीय गृह मंत्री का विशेष अभियान पदक-2022' घोषित किया। बता दें कि, आज सरदार पटेल की जयंती है, और इस अवसर पर कांस्टेबल से लेकर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक तक विभिन्न रैंक वाले कुल 63 पुलिस अधिकारियों को 'केंद्रीय गृह मंत्री के विशेष अभियान पदक-2022' से सम्मानित किया गया है।

सम्मानित किए गए जवान और अधिकारी तीन राज्यों (तेलंगाना, पंजाब और महाराष्ट्र) और जम्मू-कश्मीर व दिल्ली जैसे केंद्र शासित प्रदेशों के थे। वे सभी अलग-अलग मौकों पर किए गए चार विशेष ऑपरेशनों का हिस्सा थे। इन्हें सम्मानित करने के उपरांत गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "वर्ष 2022 के लिए 'केंद्रीय गृह मंत्री के विशेष अभियान पदक' को चार विशेष अभियानों के लिए दिया गया है।"
एक भाजपा नेता ने कहा कि, यह पुरस्कार तब घोषित किया गया है, जब देश सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 'रन फॉर यूनिटी' कार्यक्रम मना रहा है। पटेल को भारत के लौह पुरुष के रूप में जाना जाता है।

सरकार की ओर से 'केंद्रीय गृह मंत्री का विशेष अभियान पदक' 23 जुलाई, 2018 को देना शुरू किया गया है। यह देश के राज्य और केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) के पुलिस बलों, केंद्रीय पुलिस संगठनों (सीपीओ), केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) और सुरक्षा संगठनों को प्रदान किया जाता है। यह पुरस्कार आतंकवाद, सीमा कार्रवाई, हथियार नियंत्रण, नशीले पदार्थों की तस्करी की रोकथाम और बचाव कार्यों जैसे क्षेत्रों में विशेष अभियानों के लिए दिया जाता है। इस पुरस्कार के लिए सभी सिफारिशें विशेष अभियान के तीन महीने के भीतर गृह मंत्रालय को भेजी जाती हैं।

गृह मंत्रालय में एक समिति सभी नामांकनों की जांच करती है और उन्हें पुरस्कार के लिए सिफारिश करती है। प्रत्येक विजेता को पदक के साथ केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा हस्ताक्षरित एक प्रमाण पत्र प्रदान भी किया जाता है। इस पुरस्कार की घोषणा हर साल 31 अक्टूबर को की जाती है। एक वर्ष में, इस पुरस्कार के लिए और असाधारण परिस्थितियों में आमतौर पर तीन विशेष ऑपरेशनों पर विचार किया जाता है। असाधारण परिस्थितियों में, यह पुरस्कार केवल राज्य और केंद्र शासित प्रदेश पुलिस को प्रोत्साहित करने के लिए पांच विशेष अभियानों के लिए दिया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications