Budget 2020 पर बोले अरविंद केजरीवाल- भाजपा ने फिर दिल्ली के साथ सौतेला बर्ताव किया
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बजट 2020 को दिल्ली के साथ भेदभाव करने वाला कहा है। केजरीवाल ने इसे दिल्ली चुनाव से जोड़ते हुए कहा है कि भाजपा दिल्लीवालों को कितनी अहमियत देती है, ये बजट से दिख गया है। वहीं आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने बजट के बाद कहा- पकाऊ भाषण निराश बजट, दिल्ली वालों को फिर दिखाया ठेंगा।

केजरीवाल ने बजट पर अपने ट्वीट में लिखा- दिल्ली को बजट से बहुत उम्मीदें थी। लेकिन एक बार फिर दिल्ली वालों के साथ सौतेला व्यवहार हुआ। दिल्ली भाजपा के प्राथमिकताओ में आता ही नहीं, तो दिल्ली वाले भाजपा को वोट क्यों दे? सवाल ये भी है की चुनाव से पहले ही जब भाजपा दिल्ली को निराश कर रही है तो चुनाव के बाद अपने वादे निभाएगी? बता दें कि दिल्ली में 8 फरवरी को विधानसभा चुनाव होना है।
वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण के बजट पेश करने के बाद इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा, बजट ने देश के किसानों और नौजवानों को निराश किया है। सरकार खुद मानती है कि यहां नई पीढ़ी सबसे ज्यादा है। बजट में नई पीढ़ी के सपनों को पूरा करने के लिए क्या है सरकार के पास। आखिर कहां है नौकरी, रोजगार और इन्वेस्टमेंट।
कांग्रेस नेताओं ने भी बजट को निराश करने वाला बताया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने ने बजट भाषण पर कहा, मुझे खुशी है वित्तमंत्री ने ये स्वीकार किया कि राजकोषीय घाटा 3.8 प्रतिशत है। उनको देश को यह भी बताना चाहिए था कि अगर आप यूनियन और स्टेट का घाटा जोड़े तो यह 8 प्रतिशत से ज्यादा है जो देश के लिए चिंता की स्थिति है।
बजट पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, भारत के सामने आज मुख्य मुद्दा बेरोजगारी और अर्थव्यवस्था की हालत है। इस पर कोई केंद्रित ठोस रणनीतिक योजना इस बजट में नहीं थी। इतिहास में सबसे लंबा बजट था लेकिन इसमें कुछ था नहीं, खोखला था। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, एक अच्छी चीज शायद आयकर में दी गई छूट हो सकती है। 12.5 लाख के नीचे की आय वाले मध्यम वर्गीय परिवारों को इससे राहत मिलेगी। उसके अलावा बजट में कुछ खास नहीं है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वित्त वर्ष 2020-21 का आम बजट आज (1 फरवरी)पेश किया है। करीब पौने तीन घंटे के अपने बजट भाषण में वित्तमंत्री ने कई बड़े ऐलान किए हैं। टैक्स को लेकर बजट भाषण में बड़ा ऐलान हुआ है, अब पांच लाख से साढ़े सात लाख तक कमाई वाले लोगों को 10 फीसदी टैक्स देना होगा, जो अब तक 20 फीसदी था। वहीं, 7.5 लाख से 10 लाख आमदनी पर अब 15 फीसदी टैक्स, 10 लाख से 12.5 लाख आमदनी पर अब 20 फीसदी टैक्स, 12.5 फीसदी से 15 लाख तक की आमदनी पर 25 फीसदी टैक्स देना होगा और 15 लाख से ऊपर आमदनी वाले को 30 फीसदी टैक्स देना होगा।












Click it and Unblock the Notifications