हाई अलर्ट के बीच चेन्नई में नौसेना के अड्डे के ऊपर देखा गया ड्रोन, मची खलबली
नई दिल्ली। एयर स्ट्राइक के बाद से भारत-पाकिस्तान में जबरदस्त तनाव है। हाई अलर्ट के बाद लगभग हर नौसेना अड्डे को किले में तब्दील कर दिया गया है। इसी बीच तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई स्थित नौसेना अड्डे के ऊपर एक ड्रोन देखा गया जिसके बाद खलबली मच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक नौसेना कर्मियों ने सोमवार रात करीब नौ बजे शहर के बीच में स्थित आईएनएस अडयार परिसर के ऊपर ड्रोन को उड़ते पाया।

नौसेना ने मंगलवार को पुलिस में एक शिकायत दर्ज करायी और घटना की जांच करने के लिए कहा। पुलिस ने और कोई सूचना दिये बिना कहा, ''जांच जारी है।'' यह घटना ऐसे समय सामने आयी है जब पुलवामा आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तान में आतंकवादी अड्डों पर भारत के हवाई हमले के बाद देशभर में हवाई अड्डों सहित प्रमुख प्रतिष्ठान हाई अलर्ट पर हैं। पिछले एक सप्ताह में भारतीय वायुसेना ने राजस्थान और गुजरात में भारत-पाकिस्तान सीमा पर दो पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया है।
राजस्थान में पाकिस्तानी ड्रोन मार गिराया गया
राजस्थान बॉर्डर पर सुरक्षाबलों ने पाकिस्तान को फिर से मुंहतोड़ जवाब दिया। भारत के एयर स्ट्राइक से बौखलाए पाकिस्तान ने एक बार फिर से सीमा का उल्लंघन किया। बीकानेर में वायुसेना के सुखोई-30 MKI ने पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया। बीते एक हफ़्ते में भारत ने पाकिस्तान के दूसरे ड्रोन को मार गिराया है।
सरकारी सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जमीन पर स्थित एक रडार स्टेशन ने ड्रोन का पता लगने के कुछ मिनटों बाद सुबह लगभग साढ़े 11 बजे सुखोई-30 विमान से पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया। क्षेत्र में रडार स्टेशन ने दुश्मन के ड्रोन का पता लगाया और इसके बाद क्षेत्र में तैनात सुखोई ने इसे मार गिराया।












Click it and Unblock the Notifications