Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

UGC New Rule 2026: यूजीसी का नया नियम क्या है? जनरल कैटेगरी क्यों भड़की? क्या बढ़ेगा भेदभाव? 10 सवाल का जवाब

UGC Act 2026 FAQS: देश की यूनिवर्सिटियों से लेकर सोशल मीडिया तक इस वक्त एक ही मुद्दे पर बहस छिड़ी है-UGC के नए नियम 2026। पढ़ाई से जुड़ा यह फैसला अब जाति, राजनीति और अधिकारों की बहस में बदल चुका है। जनरल कैटेगरी के छात्र खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, तो वहीं सरकार और UGC इसे बराबरी की दिशा में बड़ा कदम बता रहे हैं। आइए, सवाल-जवाब के आसान फॉर्मेट में समझते हैं कि पूरा मामला क्या है।

हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने 29 जनवरी 2026 तो यूजीसी के नए नियमों पर रोक लगा दी है। अब इस मामले पर अगली सुनवाई 19 मार्च को होने वाली है। तब तक UGC का 2012 वाला पुराना नियम लागू रहेगा।

Ugc FAQs Gk Questions

सवाल 1️⃣: UGC का नया नियम 2026 क्या है? (What is UGC New Rule 2026)

जवाब: उच्च शिक्षण संस्थानों में जातिगत भेदभाव रोकने के लिए UGC ने नियमों को और कड़ा कर दिया है। UGC ने 13 जनवरी 2026 को 'Promotion of Equity in Higher Education Institutions Regulations, 2026' को नोटिफाई किया है।

▪️इसके तहत हर कॉलेज और यूनिवर्सिटी में जाति आधारित भेदभाव रोकने के लिए एक पूरा सिस्टम अनिवार्य किया गया है। इस सिस्टम में Equal Opportunity Centre (EOC), Equity Committee (समता समिति) और Equity Squad शामिल हैं, जो शिकायत मिलने पर तय समय में कार्रवाई करेंगे।

▪️UGC के इस नियम के तहत धर्म, जाति, लिंग, जन्म स्थान, विकलांगता या किसी भी पहचान के आधार पर भेदभाव रोकने पर जोर दिया गया है, खासकर एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग छात्रों की सुरक्षा पर।

▪️नए नियम में जाति आधारित भेदभाव की परिभाषा को व्यापक किया गया है और अब इसमें ओबीसी वर्ग को भी शामिल किया गया है, जबकि पहले यह सुरक्षा सिर्फ एससी-एसटी तक सीमित थी।

▪️इसी बदलाव को लेकर विवाद हुआ है। विरोध करने वालों का कहना है कि इससे सामान्य वर्ग के छात्रों पर झूठे आरोप लगने का खतरा बढ़ सकता है। भेदभाव की शिकायतों की जांच के लिए हर संस्थान में 'इक्विटी कमेटी' बनेगी, जिसमें एससी, एसटी, ओबीसी, महिलाएं और दिव्यांग वर्ग के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

सवाल 2️⃣: नए नियमों के तहत कॉलेजों में क्या-क्या अनिवार्य होगा? (UGC Guidelines 2026 in hindi)

जवाब:
नए नियमों के मुताबिक

▪️हर कॉलेज में EOC बनेगा, जो पिछड़े और वंचित छात्रों को पढ़ाई, फीस और भेदभाव से जुड़ी मदद देगा।

▪️Equity Committee बनाई जाएगी, जिसके अध्यक्ष कॉलेज प्रमुख होंगे।

▪️समिति में SC/ST, OBC, महिलाएं और दिव्यांग शामिल होंगे।

▪️समिति का कार्यकाल 2 साल का होगा।

▪️कॉलेज में एक Equity Squad बनेगा, जो भेदभाव की निगरानी करेगा।

▪️शिकायत आने पर 24 घंटे में बैठक और 15 दिन में रिपोर्ट जरूरी होगी।

▪️नियम तोड़ने पर कॉलेज की ग्रांट, कोर्स और मान्यता तक पर असर पड़ सकता है।

सवाल 3️⃣: UGC ने पुराने नियमों में क्या बड़े बदलाव किए हैं?

जवाब:
UGC ने तीन बड़े बदलाव किए हैं-

  • पहला बदलाव: अब जातीय भेदभाव की साफ परिभाषा दी गई है। जाति, धर्म, लिंग, जन्म स्थान या विकलांगता के आधार पर पढ़ाई में बाधा डालने वाला कोई भी व्यवहार भेदभाव माना जाएगा।
  • दूसरा बदलाव: अब इस परिभाषा में OBC छात्रों को भी शामिल कर लिया गया है, जो पहले ड्राफ्ट में नहीं थे।
  • तीसरा बदलाव: ड्राफ्ट में झूठी शिकायत करने पर सजा का प्रावधान था, लेकिन फाइनल नियमों में इसे हटा दिया गया है।

सवाल 4️⃣: UGC के नए नियमों का विरोध क्यों हो रहा है? (Why is there protest against UGC new rules?)

जवाब:
▪️विरोध करने वालों की मुख्य आपत्तियां ये हैं-

▪️भेदभाव की परिभाषा को एकतरफा बताया जा रहा है।

▪️जनरल कैटेगरी को पीड़ित नहीं, बल्कि संभावित आरोपी माना गया है।

▪️झूठी शिकायत करने वालों पर कोई सजा तय नहीं है।

▪️24 घंटे में कार्रवाई का नियम दुरुपयोग को बढ़ा सकता है।

▪️Equity Committee और EOC में जनरल कैटेगरी का प्रतिनिधित्व अनिवार्य नहीं है।

▪️कॉलेज सजा के डर से मेरिट के आधार पर फैसले नहीं ले पाएंगे।

सवाल 5️⃣: जनरल कैटेगरी के स्टूडेंट्स क्यों गुस्से में हैं?

(Why are General Category students angry?)

जवाब:
▪️जनरल कैटेगरी के छात्रों का कहना है कि उन्हें सिस्टम में अपनी बात रखने का मंच नहीं दिया गया।

▪️ जनरल कैटेगरी से जुड़े लोगों का कहना है कि यह फैसला सामान्य वर्ग के खिलाफ जाता है। उनका तर्क है कि इस व्यवस्था के तहत सामान्य वर्ग के छात्र-छात्राओं पर झूठे आरोप लगाए जाने का खतरा बढ़ सकता है, जो उनके भविष्य और करियर को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है।

▪️विरोध कर रहे लोगों का यह भी कहना है कि बनाई गई समिति में सामान्य वर्ग के प्रतिनिधि को शामिल करने की कोई बात नहीं की गई है। उनका मानना है कि अगर 'इक्विटी कमेटी' में सामान्य वर्ग का कोई सदस्य नहीं होगा, तो जांच निष्पक्ष और संतुलित नहीं रह पाएगी।

▪️शिकायत झूठी होने पर भी कार्रवाई का डर रहेगा।

▪️कॉलेज प्रशासन किसी भी विवाद से बचने के लिए सीधे सख्त कदम उठा सकता है।

▪️इससे कैंपस में अविश्वास और तनाव बढ़ेगा।

सवाल 6️⃣: क्या ये नियम UGC Act 1956 के दायरे में आते हैं? (Is UGC overstepping its legal powers?)

जवाब: विरोध करने वालों का दावा है कि UGC Act 1956 अकादमिक मानकों तक सीमित है। उनके मुताबिक, जातीय भेदभाव और सजा से जुड़े नियम बनाना UGC के अधिकार क्षेत्र से बाहर है। इसी आधार पर सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है।

सवाल 7️⃣: सुप्रीम कोर्ट में इस मामले पर क्या हुआ है? (UGC New Rules Supreme Court case)

जवाब: UGC के नए नियमों को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है। एडवोकेट विनीत जिंदल ने याचिका में नियम 3(सी) के क्रियान्वयन पर रोक लगाने की मांग की है। याचिका में कहा गया है कि ये नियम जनरल कैटेगरी के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करते हैं।

सवाल 8️⃣: सरकार और UGC इन नियमों को क्यों जरूरी बता रहे हैं? (Why government supports UGC new rules?)

जवाब: सरकार का कहना है कि ये नियम किसी वर्ग के खिलाफ नहीं, बल्कि बराबरी और जवाबदेही लाने के लिए बनाए गए हैं। रोहित वेमुला और पायल तडवी जैसे मामलों के बाद यह महसूस किया गया कि पुराने नियम सिर्फ सलाह तक सीमित थे, उनमें कोई सख्ती नहीं थी। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद UGC को नए नियम बनाने पड़े।

सवाल 9️⃣: क्या झूठी शिकायत पर सच में कोई सजा नहीं है? (UGC New Rule punishment)

जवाब: नहीं। फाइनल नियमों में झूठी या दुर्भावनापूर्ण शिकायत पर किसी तरह की सजा या जुर्माने का प्रावधान नहीं है। यही बात जनरल कैटेगरी के छात्रों और फैकल्टी के लिए सबसे बड़ी चिंता बन गई है।

सवाल 🔟: UGC के नए नियम क्यों बनाए गए? क्यों जरूरत पड़ी

दो छात्रों की आत्महत्या के बाद उच्च शिक्षा संस्थानों में जातीय भेदभाव को लेकर नियमों को सख्त करने की मांग तेज हुई। 17 दिसंबर 2012 से UGC ने कॉलेजों और यूनिवर्सिटीज के लिए कुछ दिशानिर्देश लागू किए थे, लेकिन वे सिर्फ सलाह और जागरूकता तक सीमित थे, उनमें कोई सजा नहीं थी। 17 जनवरी 2016 को हैदराबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी के छात्र रोहित वेमुला और 22 मई 2019 को महाराष्ट्र की डॉक्टर पायल तडवी ने कथित जातीय उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। इसके बाद उनके परिजनों ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। जनवरी 2025 में कोर्ट के निर्देश पर UGC ने नियमों में बदलाव किए और 13 जनवरी 2026 को नए सख्त नियम अधिसूचित किए।

सवाल 11: UGC 2012 वाला पुराना नियम क्या है? (UGC 2012 Rule)

साल 2012 में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग यानी UGC ने पहली बार उच्च शिक्षण संस्थानों में भेदभाव रोकने के लिए एक औपचारिक ढांचा पेश किया था। इसका मकसद कैंपस में समानता और न्याय का माहौल बनाना था, लेकिन यह नियम अपने स्वरूप में काफी नरम और सीमित था।

सलाह थी, बाध्यता नहीं

UGC 2012 के नियमों के तहत कॉलेजों और यूनिवर्सिटीज़ को यह सलाह दी गई थी कि वे अपने यहां Equal Opportunity Cell यानी EOC बनाएं। इन सेल्स का काम SC और ST वर्ग के छात्रों की शिकायतें सुनना और उन्हें उचित मंच देना था। साथ ही संस्थानों से कहा गया था कि वे भेदभाव मुक्त शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करें। लेकिन यह सब अनिवार्य नहीं था। संस्थान चाहें तो इन सुझावों को मानें, न चाहें तो अनदेखा कर दें।

UGC के हाथ बंधे हुए थे

इस नियम की सबसे बड़ी कमजोरी यही थी कि UGC के पास इसे लागू कराने की कोई ठोस शक्ति नहीं थी। अगर कोई विश्वविद्यालय नियमों का पालन नहीं करता था, तो उस पर न जुर्माना लगाया जा सकता था, न फंड रोका जा सकता था और न ही मान्यता पर कोई असर पड़ता था। यानी नियम थे, लेकिन डर या दबाव नहीं था।

शिकायत प्रक्रिया भी कमजोर

2012 के ढांचे में शिकायतों के निपटारे को लेकर भी साफ दिशा-निर्देश नहीं थे। न कोई तय समयसीमा थी, न जवाबदेही तय थी। नतीजा यह हुआ कि कई संस्थानों में छात्रों की शिकायतें महीनों तक दबी रह जाती थीं और उन्हें न्याय नहीं मिल पाता था।

कई वर्ग पूरी तरह बाहर

यह नियम मुख्य रूप से SC और ST छात्रों तक सीमित था। OBC, EWS, दिव्यांग छात्रों या अन्य सामाजिक समूहों का इसमें स्पष्ट उल्लेख नहीं था। इसी कारण इसे समावेशी नहीं माना गया और व्यवहार में यह व्यवस्था कमजोर साबित हुई।

यही वजह बनी बदलाव की

इन तमाम कमियों के चलते UGC 2012 का नियम कागज़ों तक ही सीमित रह गया। भेदभाव रोकने का इरादा तो था, लेकिन उसे लागू कराने की ताकत नहीं थी। बाद में इन्हीं कमजोरियों को दूर करने के लिए नए नियम लाए गए, हालांकि उन नए नियमों पर फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी है।

यूजीसी नए नियम पर अब आगे क्या होगा?(What happens next UGC?)

जवाब:अब सबकी नजरें सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई और सरकार के अगले कदम पर हैं। या तो नियमों में संशोधन होगा, या फिर कोर्ट की दिशा-निर्देशों के आधार पर इन्हें लागू किया जाएगा। फिलहाल, UGC के नए नियम पढ़ाई से ज्यादा सियासत और सामाजिक बहस का मुद्दा बन चुके हैं।

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+