Udhayanidhi Stalin: सनातन धर्म वाले बयान पर BJP के पुराने साथी संजय राउत ने क्या कहा?
Udhayanidhi Stalin statement news: सनातन धर्म को लेकर दिए गए तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन के बयान पर हंगामा मचा हुआ है और भाजपा सहित हिंदू संगठन उनका विरोध कर रहे हैं। इस बीच उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना का भी इस मुद्दे पर बयान सामने आया है।
शिवसेना (उद्धव-बाल ठाकरे) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने उदयनिधि के इस बयान पर विरोध जताते हुए कहा कि ऐसे बयानों का कोई समर्थन नहीं करेगा और चाहे कोई भी हो, ऐसे बयान नहीं देने चाहिए।

मीडिया ने इस मुद्दे पर जब संजय राउत से सवाल किया तो उन्होंने कहा, 'मैंने उनका बयान सुना है....उदयनिधि स्टालिन एक मंत्री हैं और उनके ऐसे बयान का समर्थन कोई भी नहीं करेगा। इस तरह का बयान देने से हर किसी को बचना चाहिए। ये बयान डीएमके का रुख हो सकता है या फिर उदयनिधि की निजी राय। इस देश में करीब 90 करोड़ हिंदू रहते हैं और दूसरे धर्म को मानने वाले लोग भी यहां रहते हैं। उनकी धार्मिक भावनाओं को किसी भी तरीके से आहत नहीं किया जा सकता।'
उदयनिधि स्टालिन ने क्या कहा था?
आपको बता दें उदयनिधि स्टालिन ने बीते शनिवार को एक विवादित बयान देते हुए सनातन धर्म की तुलना डेंगू, मलेरिया और कोरोना वायरस से की थी। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म का ना केवल विरोध करना चाहिए, बल्कि इसे खत्म कर देना चाहिए। उदयनिधि के इस बयान को लेकर काफी विवाद हुआ और भाजपा ने विरोध जताते हुए कांग्रेस से अपना रुख स्पष्ट करने को कहा। वहीं यूपी के रामपुर में इस बयान को लेकर उदयनिधि के ऊपर मुकदमा भी दर्ज किया गया।












Click it and Unblock the Notifications