अयोध्या में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने किए राम लला के दर्शन
नई दिल्ली। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे राम लला के दर्शन के लिए आज अयोध्या पहुंचे हैं, उन्होंने अपने बेटे और पार्टी के तमाम शीर्ष नेताओं के साथ राम लला के दर्शन किए। माना जा रहा है कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर वह फिर से नए अभियान की शुरुआत करेंगे। इस दौरान उद्धव ठाकरे राम लला के दर्शन के साथ पूजा अर्चना भी करेंगे। बता दें कि लोकसभा चुनाव के बाद उद्धव ठाकरे का यह पहला अयोध्या दौरा है। इससे पहले वह पिछले वर्ष नवंबर माह में अयोध्या पहुंचे थे। खुद उद्धव ठाकरे ने ऐलान किया था कि संसद का सत्र शुरू होने से पहले वह तमाम नवनिर्वाचित सांसदों के साथ अयोध्या का दौरा करेंगे। बता दें कि सोमवार से संसद का सत्र शुरू हो रहा है।

राजनीतिक निहितार्थ नहीं
उद्धव ठाकरे ने साफ किया है कि अयोध्या के दौरे को राजनीतिक दौरे के तौर पर नहीं देखना चाहिए, यह महज धर्म और आस्था से जुड़ा दौरा है। आपको बता दें कि महाराष्ट्र में इसी वर्ष विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। जब यूपी में शिवसेना के प्रदेश अध्यक्ष से पूछा गया कि ठाकरे और तमाम सांसद अयोध्या किस मकसद से आ रहे हैं तो उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले उद्धव जी कई धार्मिक स्थलों पर दर्शन के लिए गए थे। अब जबकि चुनाव में पार्टी ने बेहतर प्रदर्शन किया है और एनडीए की सरकार में शिवसेना शामिल हैं लिहाजा वह पूजा अर्चना के लिए आ रहे हैं।
धार्मिक यात्रा
अनिल सिंह ने बताया कि तमाम नवनिर्वाचित सांसद शनिवार को अयोध्या पहुंच चुके हैं, जबकि उद्धव ठाकरे रविवार को यहां पहुंचेंगे। पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि संसद का सत्र शुरू होने से पहले उद्धव ठाकरे अयोध्या में पूजा अर्चना करेंगे। ठाकरे के अयोध्या दौरे से पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से 10 जून को मुलाकात की। योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद राउत ने ट्वीट करके लिखा कि शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे की प्रस्तावित अयोध्या दौरे से पहले मैंने इस बाबत योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। बातचीत सकारात्मक माहौल में हुई और योगी जी ने उद्धव ठाकरे जी का स्वागत किया है।
मामला कोर्ट में
इस दौरान संजय राउत ने कहा कि यह हर किसी की इच्छा है कि राम मंदिर का निर्माण हो। गौर करने वाली बात है कि लोकसभा चुनाव के दौरान तमाम शिवसेना ने भाजपा की अगुवाई वाली प्रदेश और केंद्र सरकार पर राम मंदिर के निर्माण को लेकर काफी दबाव बनाया था। फिलहाल अयोध्या का मामला सुप्रीम कोर्ट में है।












Click it and Unblock the Notifications