Waqf के बाद BJP की नजर ईसाई, जैन, बौद्ध और हिंदू मंदिरों की जमीन पर, उद्धव ठाकरे ने क्यों लगाया ये आरोप?
Uddhav Thackeray on BJP: शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि वक्फ (संशोधन) कानून लागू करने के बाद अब भाजपा की नजर देश में मौजूद ईसाई, जैन, बौद्ध और हिंदू मंदिरों की जमीनों पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी यह जमीनें अपने 'मित्रों' को देने की योजना बना रही है।
यह बयान उन्होंने रविवार को शिव संचार सेना नामक पार्टी के आईटी और कम्युनिकेशन विंग की शुरुआत के मौके पर दिया। संयोग से इसी दिन भाजपा अपना 45वां स्थापना दिवस मना रही है। ठाकरे ने बीजेपी को नसीहत दी कि 'भगवान राम जैसे आचरण' करें।

Uddhav Thackeray: एक लेख का हवाला देकर बीजेपी को किया टारगेट
उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के मुखपत्र और्गेनाइजर (Organiser) के एक कथित लेख का हवाला देते हुए कहा कि अब यह साजिश सार्वजनिक हो चुकी है और सभी को आंखें खोल लेनी चाहिए। हालांकि यह लेख बाद में वेबसाइट से हटा लिया गया।
हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि क्या शिवसेना (यूबीटी) भी वक्फ संशोधन कानून को अदालत में चुनौती देगी, जैसा कि कई विपक्षी दल दे रहे हैं तो उन्होंने मना कर दिया।
Uddhav Thackeray on BJP: एनसीपी (एसपी) ने भी कथित लेख के नाम पर खोला भाजपा के खिलाफ मोर्चा
उधर, एनसीपी (शरद पवार गुट) के नेता जितेंद्र आव्हाड ने भी इसी लेख का हवाला देते हुए दावा किया कि अब मुसलमानों के बाद, ईसाई समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर दावा किया कि Organiser में प्रकाशित एक लेख में कथित तौर पर कहा गया है कि भारत में वक्फ बोर्ड नहीं, बल्कि कैथोलिक चर्च सबसे बड़ा गैर-सरकारी जमीन का मालिक है।
उनके दावे के अनुसार उस लेख में कथित तौर पर कहा गया था कि भारत में कैथोलिक चर्च के पास करीब 17.29 करोड़ एकड़ (7 करोड़ हेक्टेयर) जमीन है, जिनमें से अधिकतर ब्रिटिश शासनकाल के दौरान दी गई थी। 1927 में ब्रिटिश सरकार ने इंडियन चर्च एक्ट (Indian Church Act) पारित कर चर्च को बड़े पैमाने पर जमीनें आवंटित की थीं।
Uddhav Thackeray on BJP: बीजेपी 'उद्योगपति मित्रों' को देगी वक्फ की जमीन- संजय राउत
उधर ठाकरे की पार्टी के सांसद संजय राऊत ने दावा किया कि भविष्य में वक्फ की सभी जमीनें भाजपा के 'उद्योगपति मित्रों' को दे दी जाएंगी। उन्होंने भाजपा पर चुनावों में भारी धन खर्च करने का आरोप भी लगाया।
इस बीच, वक्फ (संशोधन) विधेयक 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपनी मंजूरी दे दी है। सरकार का दावा है कि यह कानून मुस्लिम धार्मिक संपत्तियों के प्रबंधन में पारदर्शिता लाएगा। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications